Monday, June 15, 2026
Homeखास खबरआईएएस ज्ञानेश कुमार होंगे देश के नए मुख्य चुनाव आयुक्त

आईएएस ज्ञानेश कुमार होंगे देश के नए मुख्य चुनाव आयुक्त

केरल कैडर के 1988 बैच के आईएएस अधिकारी ज्ञानेश कुमार को देश का नया मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया है। कानून मंत्रालय ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और विपक्ष के नेता राहुल गांधी की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने एक बैठक में उक्त निर्णय लिया। साथ ही इस बैठक में ज्ञानेश कुमार के भारत का नया मुख्य चुनाव आयुक्त चुने जाने के बाद हरियाणा के मुख्य सचिव विवेक जोशी को ज्ञानेश कुमार के स्थान पर चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ज्ञानेश कुमार के साथ चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्त किए गए सुखबीर सिंह संधू अपने पद पर बने रहेंगे।

ज्ञानेश कुमार केरल कैडर के 1988 बैच के रिटायर्ड आईएएस अधिकारी हैं। इससे पहले वे संसदीय कार्य मंत्रालय और सहकारिता मंत्रालय में सचिव के पद पर कार्य कर चुके हैं। गृह मंत्रालय में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। साथ ही जब जम्मू-कश्मीर में 2019 में अनुच्छेद 370 को अप्रभावी घोषित किया गया था, तब वह गृह मंत्रालय में जम्मू-कश्मीर डेस्क के प्रभारी थे।

इसके अलावा ज्ञानेश कुमार ने केरल में विभिन्न पदों पर भी काम किया है। इनमें एर्नाकुलम के जिला कलेक्टर और केरल राज्य सहकारी बैंक के एमडी के पद शामिल हैं। उन्होंने आईआईटी कानपुर से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री प्राप्त की है। आईसीएफएआई से बिजनेस फाइनेंस और हार्वर्ड विश्वविद्यालय से पर्यावरण अर्थशास्त्र की पढ़ाई की है।

Related Articles

Latest News