जबलपुर के गोरखपुर क्षेत्र में स्थित पंसारी मोहल्ले में भगवान श्रीगणेश का सिद्ध मंदिर है, जिसे लड्डू गणेश मंदिर के नाम से जाना जाता है। यहां संतान प्राप्ति की कामना लेकर दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं और भगवान श्रीगणेश के आशीर्वाद से उनका मनोरथ पूर्ण होता है।
मंदिर के पुजारी पंडित विनोद शास्त्री ने बताया कि आज जहां लड्डू गणेश की प्रतिमा विराजमान है, वहां पर विघ्नहर्ता के तीन भक्तों ने पचास वर्ष पूर्व भगवान श्रीगणेश प्रतिमा की स्थापित कर गणेशोत्सव मनाना प्रारम्भ किया था। आयोजकों ने नया प्रयोग करते हुए यहां स्थापित भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा में ऐसी व्यवस्था की थी कि उनके दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा लड्डू बांटती थी, इस लिए यहाँ स्थापित श्रीगणेश की प्रतिमा को लड्डू गणेश कहा जाने लगे।
कालांतर में जब यहाँ मंदिर बनाकर भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा स्थापित की गई तो, इस मंदिर का नाम लड्डू गणेश मंदिर पड़ गया। चूंकि तीन भक्तों ने यहां गणेश प्रतिमा की स्थापना आरंभ की थी, इसलिए इसे त्रिमूर्ति कला मंदिर भी कहा जाने लगा।
पंडित विनोद शास्त्री ने बताया कि इस मंदिर में भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा 11 वर्ष पूर्व स्थापित की गई थी, जिसे लड्डू गणेश कहा जाता है, यहां भक्त एक नारियल अर्पित कर संतान प्राप्ति की कामना करते हैं और उनकी मनोकामना पूरी होती है। साथ ही विघ्नहर्ता सभी भक्तों के समस्त मनोरथ पूर्ण करते हैं।











