Homeमध्य प्रदेशएमएसपी पर धान, ज्वार और बाजरा के विक्रय हेतु 15 सितंबर से...

एमएसपी पर धान, ज्वार और बाजरा के विक्रय हेतु 15 सितंबर से प्रारंभ होंगे पंजीयन

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार एवं बाजरा के उपार्जन के लिए जिले में किसानों का पंजीयन 15 सितंबर से प्रारंभ होगा। समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार और बाजरा का विक्रय करने के लिये किसान अपना पंजीयन 10 अक्टूबर तक करा सकेंगे।

जबलपुर कलेक्टर कार्यालय की खाद्य शाखा के अनुसार किसान अपना पंजीयन एमपी किसान एप पर स्वयं के मोबाइल से घर बैठे करा सकते हैं अथवा ग्राम पंचायत कार्यालय में स्थापित सुविधा केन्द्र, जनपद पंचायत कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्र, तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्र तथा सहकारी समितियों या सहकारी विपणन संस्थाओं में जाकर भी पंजीयन कराया सकेगा।

इन केंद्रों पर किसानों का पंजीयन निःशुल्क किया जायेगा। जबकि एमपी ऑनलाइन कियॉस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केंद्र एवं साईबर कैफे पर निर्धारित शुल्क देकर किसान अपना पंजीयन करा सकेंगे।

सिकमी अथवा बटाईदार एवं वन प‌ट्टाधारी किसानों के पंजीयन की सुविधा केवल निर्धारित सहकारी समिति एवं सहकारी विपणन संस्था स्तर पर ही उपलब्ध होगी।किसानों को समर्थन मूल्य पर उपज के विक्रय के लिये पंजीयन कराने हेतु सभी आवश्यक दस्तावेज लेकर  पंजीयन केंद्र पहुंचना होगा ।

कंट्रोल रूम स्थापित

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार एवं बाजरा के विक्रय हेतु किसानों को पंजीयन कराने में आने वाली कठिनाइयों के निराकरण के लिये कलेक्टर दीपक सक्सेना ने जिला स्तरीय कंट्रोल रूम की स्थापना की है। कन्ट्रोल रूम का दूरभाष क्रमांक 0761-3510012 है। यह प्रतिदिन सुबह 10 बजे से सायं 6 बजे तक चालू रहेगा।

समस्याओं के निराकरण के लिये टीम गठित

कलेक्टर दीपक सक्सेना ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में ज्वार, बाजरा एवं धान उपार्जन में किसानों की पंजीयन एवं खरीदी प्रक्रिया में आने वाली तकनीकी समस्याओं के निराकरण के चार सदस्यों के टेक्निकल सपोर्ट ग्रुप का गठन किया है।

Related Articles

Latest News