Monday, June 15, 2026
Homeमध्य प्रदेशजबलपुर में करोड़ों के खाद्यान्न घोटाले में सरकारी अधिकारियों सहित 33 लोगों...

जबलपुर में करोड़ों के खाद्यान्न घोटाले में सरकारी अधिकारियों सहित 33 लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज

जबलपुर में राशन दुकानों से बेचे जाने वाले  2,20,12,460 रुपये मूल्य के खाद्यान्न की मात्रा में पीओएस मशीन एवं पोर्टल से अवैधानिक रूप से हेराफेरी करने वाले 11 राशन दुकान के 29 संचालकों और 4 शासकीय सेवकों सहित 33 व्यक्तियों के विरुद्ध कमिश्नर (फ़ूड) के निर्देश पर एफआईआर दर्ज की गई है।

उच्च न्यायालय में दायर याचिका क्रमांक 14701/2023 रामकिशोर काछी एवं अन्य विरुद्ध मध्य प्रदेश शासन एवं 20270/2023 राजू चौधरी एवं विरुद्ध मध्य प्रदेश शासन में यह तथ्य प्रस्तुत किया गया कि जबलपुर नगर निगम क्षेत्र की 11 राशन दुकानों का खाद्य विभाग के अधिकारियों ने खाद्यान्न का स्टॉक एडजस्टमेंट कर दिया है, अतः उसी आधार पर याचिकाकर्ताओं की राशन दुकानों के खाद्यान्न के स्टॉक का भी एडजस्टमेंट किया जाए।

स्टॉक एडजस्टमेंट की कार्यवाही खाद्य संचालनालय से की जाती थी। लेकिन इन दुकानों का स्टॉक एडजस्टमेंट खाद्य संचालनालय द्वारा नहीं किया गया था। अतः कमिश्नर (फूड) द्वारा प्रकरण की जांच NIC हैदराबाद से कराई गई।

NIC हैदराबाद ने जाँच में बताया कि जबलपुर जिले की 11 उचित मूल्य की दुकानों पर संचालित पीओएस मशीन एवं पोर्टल से 31 अगस्त 2022, 5 सितंबर 2022, 29 सितंबर 2022, 31 अक्टूबर 2022 को AePDS पोर्टल के स्टेट एडमिन लॉगिन का उपयोग करते हुए 391.780 मीट्रिक टन गेहूं, 338.789 मीट्रिक टन चावल, 3.027 मीट्रिक टन नमक और 0.97 मीट्रिक टन शक्कर का स्टॉक कम किया जाना पाया गया है।

राशन दुकान का नियमित निरीक्षण कर सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न और अन्य सामग्री का वितरण वास्तविक उपभोक्ताओं तक सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी जिला आपूर्ति नियंत्रक और संबंधित कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी की है। राशन दुकान पर भारी मात्रा में स्टॉक की कमी होने के बाद भी तत्कालीन जिला आपूर्ति नियंत्रक और संबंधित कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई। NIC हैदराबाद द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार उक्त 11 राशन दुकान से स्टॉक की हेराफेरी की गई मात्रा को, स्टेट एडमिन लॉगिन का उपयोग कर पीओएस मशीन एवं पोर्टल से घटाया गया है। यह कृत्य जिस आईपी एड्रेस से किया गया है, उक्त आईपी एड्रेस का उपयोग जबलपुर निगम क्षेत्र के लॉगिन आईडी द्वारा Aepds के अन्य कार्यों हेतु उपयोग किया गया है। NIC हैदराबाद से प्राप्त जानकारी का विश्लेषण करने पर यह भी स्पष्ट हुआ कि घटना दिनांक को भी उक्त यूजर आईडी से, उक्त आईपी एड्रेस के माध्यम से Aepds पोर्टल को एक्सेस किया गया है।

घटना दिनांक को उक्त 11 राशन दुकान में से 9 दुकान के क्षेत्र का प्रभार कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्रीमती भावना तिवारी और 2 दुकान क्षेत्र का प्रभार कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्रीमती सुचिता दुबे के पास था। तत्समय जिला आपूर्ति नियंत्रक का कार्यभार श्रीमती नुजहत बानो बकाई के पास और Aepds पोर्टल के मैनेजमेंट का कार्य DPMU (डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट) अक्षय कुमार खरे के पास था। जबलपुर नगर निगम क्षेत्र की दुकान के लिए उक्त आईपी एड्रेस के माध्यम से Aepds पोर्टल पर एक्सेस श्रीमति भावना तिवारी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, श्रीमति सुचिता दुबे कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, श्रीमति नुजहत बानो बकाई, जिला आपूर्ति नियंत्रक एवं श्री अक्षय कुमार खरे, DPMU को व्यावहारिक दृष्टि से उपलब्ध थी।

स्टॉक की मात्रा को पीओएस मशीन एवं पोर्टल से अवैधानिक रूप से घटाने के लाभग्रहिता राशन दुकानों के संचालक हैं, लेकिन शासकीय पोर्टल और जबलपुर नगर क्षेत्र के लिए उपयोग किए जा रहे आईपी एड्रेस पर राशन दुकान के संचालक का एक्सेस नहीं है। शासकीय पोर्टल और आईपी एड्रेस पर एक्सेस केवल कतिपय शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों तक सीमित है। अतः स्टॉक की हेराफेरी की गई मात्रा को पीओएस मशीन एवं पोर्टल से अवैधानिक रूप से घटाने का कृत्य उन शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा ही किया जाना संभव है, जिनके द्वारा पूर्व में उक्त आईपी एड्रेस को एक्सेस किए जाने की हिस्ट्री रही है। अतः प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि उक्त चारों शासकीय सेवकों ने अनुचित लाभ अर्जित करने की दुर्भावना के साथ मिलीभगत कर स्टॉक की अफरातफरी की गई मात्रा को पीओएस मशीन एवं पोर्टल से अवैधानिक रूप से घटाने का कृत्य किया है।

कमिश्नर फूड द्वारा दिए गए निर्देश के परिपालन में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के स्टॉक को वास्तविक हितग्राहियों को वितरण करने की बजाय रुपये 2,20, 12,460.00 मूल्य के स्टॉक की हेराफेरी में संलिप्त 33 राशन दुकान संचालकों एवं सरकारी अधिकारियों के विरुद्ध थाना क्राइम ब्रांच में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

 

  1. आकाश नेचलानी, विक्रेता, अमर उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  2. रामचरण विश्वकर्मा, सहायक विक्रेता अमर उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  3. श्रीमती कविता नेचलानी, अध्यक्ष, अमर उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  4. गुंजन वेदी, विक्रेता, पूजा उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  5. विशाल बर्मन, पूर्व विक्रेता, पूजा उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  6. श्रीमती प्रीति अवस्थी, अध्यक्ष, पूजा उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  7. कपिल तिवारी, सहायक विक्रेता, नव शक्ति महिला उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  8. श्रीमति नीता तिवारी, अध्यक्ष, नव शक्ति महिला उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  9. श्रीमति नाजिया बेगम, विक्रेता, मां शारदा देवी महिला उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  10. अभिषेक पटेल, सहायक विक्रेता, विक्रेता, मां शारदा देवी महिला उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  11. सत्येन्द्र तिवारी, तत्कालीन सहायक विक्रेता, विक्रेता, मां शारदा देवी महिला उपभोक्ता सहकारी भण्डार 
  12. श्रीमति किरण जायसवाल, अध्यक्ष, विक्रेता, मां शारदा देवी महिला उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  13. आयूष चौधरी, सहायक विक्रेता, संत रविदास नगर उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  14. श्रीमति मीना चौधरी, अध्यक्ष, संत रविदास नगर उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  15. रामचरण विश्वकर्मा, विक्रेता, मां नर्मदेश्वर प्राथ. उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  16. दिनेश नेचलानी, अध्यक्ष, मां नर्मदेश्वर प्राथ. उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  17. अमर नाथ प्रधान, विक्रेता, नर्मदा उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  18. पीयूष अवस्थी, अध्यक्ष एवं सहायक विक्रेता, नर्मदा उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  19. राम अवतार विश्वकर्मा, विक्रेता, आदित्य प्राथ. उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  20. राहुल गुप्ता, नॉमिनी, आदित्य प्राथ. उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  21. हार्दिक धनोरिया, अध्यक्ष, आदित्य प्राथ. उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  22. श्रीमति गीता राजपूत, विक्रेता, शिवशक्ति प्राथ. उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  23. राजेश कुशवाहा, सहायक विक्रेता, शिवशक्ति प्राथ. उपभोक्ता सहकारी भण्डार 
  24. अंशु जायसवाल, अध्यक्ष, शिवशक्ति प्राथ. उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  25. राजकुमार चौधरी, विक्रेता, एकता प्राथ. उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  26. इमरान मंसूरी, सहायक विक्रेता, एकता प्राथ. उपभोक्ता सहकारी भण्डार एवं विक्रेता, सिटी प्राथ. उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  27. श्रीमति कमर जहां मंसूरी, अध्यक्ष, एकता प्राथ. उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  28. मो. अजहर, सहायक विक्रेता, सिटी प्राथ. उपभोक्ता सहकारी भण्डार
  29. हामिद मंसूरी, अध्यक्ष, सिटी प्राथ. उपभोक्ता सहकारी भण्डार 
  30. श्रीमति भावना तिवारी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, अनुविभाग गोरखपुर, जबलपुर
  31. श्रीमति सुचिता दुबे, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, अनुविभाग गोहलपुर, जबलपुर
  32. अक्षय कुमार खरे, डीपीएमयू डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग यूनिट, जबलपुर
  33. श्रीमति नुजहत बानो बकाई, जिला आपूर्ति नियंत्रक, जबलपुर
Related Articles

Latest News