जबलपुर में मनमोहन नगर के सरकारी अस्पताल के पीछे बने गटर में डूबकर रविवार की शाम दो मासूमों की मौत हो गई।
बताया जाता है कि त्रिमूर्ति नगर की चौथी गली में रहने वाले राजेश विश्वकर्मा के दस और बारह वर्षीय पुत्र विनायक और कान्हा विश्वकर्मा अस्पताल के पीछे मैदान में अपने दोस्तों के साथ वहां क्रिकेट खेल रहे थे तभी गेंद उछलकर अस्पताल के पीछे जा गिरी। दोनों बच्चे गेंद ढूंढते ढंूढते गटर के पास जा पहुंचे और उसमें डूब गए। बच्चों के डूबते ही चीख पुकार सुनकर बाकी बच्चे वहां पहुंचे और उन्होंने इसकी खबर बच्चों के चाचा गेंदालाल विश्वकर्मा को दी।
खबर पाकर बच्चों के परिजन जब घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां सिर्फ बच्चों की चप्पलें दिख रहीं थीं। गटर लगभग 30-35 फीट गहरा था लिहाजा बच्चों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ साथ फायर बिग्रेड को सूचना दी गई। मौके पर एसडीएम और तहसीलदार समेत पुलिस के आला अधिकारी पहुंचे और फायर बिग्रेड ने बच्चों को गटर से बाहर निकालने की मशक्कत शुरू की। कई घंटों के बाद दोनों बच्चों के शव बाहर निकाल लिए गए।
इस हादसे के बाद क्षेत्र के लोग न केवल स्तब्ध हैं बल्कि गहरे शोक में हैं। बच्चों के माता-पिता और भाई-बहनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। उन्हें विश्वास नहीं हो रहा है कि हसंते-खेलते उनके मासूम बच्चों की इस तरह से मौत हो सकती है। क्षेत्र के लोग बच्चों के परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं लेकिन उनके आंसू थमने पर नहीं आ रहे हैं।











