Homeराष्ट्रीयआंध्र तट पर चक्रवात ‘मोंथा’ का प्रकोप: काकीनाडा में लैंडफॉल, कई जिलों...

आंध्र तट पर चक्रवात ‘मोंथा’ का प्रकोप: काकीनाडा में लैंडफॉल, कई जिलों में भारी तबाही

नई दिल्ली. आंध्र प्रदेश सोमवार शाम चक्रवात मोंथा के प्रकोप से कांप उठा, जब यह तूफान काकीनाडा तट से टकराया। तेज हवाओं, भारी बारिश और ऊंची समुद्री लहरों ने तटीय जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने जानकारी दी है कि ‘मोंथा’ फिलहाल काकीनाडा के पास लैंडफॉल कर चुका है और अगले 24 घंटों में इसके भीषण चक्रवाती तूफान (Severe Cyclonic Storm) में बदलने की संभावना है। राज्य के 23 जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विशाखापत्तनम, काकीनाडा, तिरुपति, चित्तूर और पूर्व गोदावरी में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आंध्र प्रदेश सरकार ने निचले इलाकों से लोगों को तत्काल निकालने का आदेश दिया है। हजारों नागरिकों को राहत शिविरों में शरण दी गई है। सावधानी के तौर पर कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं और NTR जिले के वेलफेयर हॉस्टल खाली कराए गए हैं।

लगातार बारिश से तटीय क्षेत्रों में भारी जलभराव हो गया है। कई जगहों पर पेड़ उखड़ने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की खबरें हैं। राहत दलों को पहुंचने में दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन कंट्रोल रूम और ड्रोन मॉनिटरिंग के जरिये हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Related Articles

Latest News