मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) श्रीमती संपदा सराफ गुर्जर द्वारा आज जबलपुर क्षेत्र के अंतर्गत उपकेंद्र एवं वितरण केन्द्र का विस्तृत निरीक्षण किया गया । श्रीमती गुर्जर ने लम्हेटाघाट स्थित 33/11 केव्ही उपकेंद्र, भेड़ाघाट वितरण केंद्र (कनिष्ठ अभियंता कार्यालय) का निरीक्षण किया, जिसमें श्रीमती गुर्जर ने वहाँ की आपूर्ति व्यवस्था, उपकरणों की स्थिति, रखरखाव और सुरक्षा मानकों का सम्यक् निरीक्षण, उपभोक्ता सेवा रिकॉर्ड, बिलिंग प्रक्रिया, फील्ड निरीक्षण रिपोर्ट और वितरण व्यवस्था, कार्यालयीन अभिलेख, उपस्थिति रजिस्टर तथा शिकायत निवारण प्रणाली का निरीक्षण एवं सुरक्षा उपकरणों, मेंटेनेंस कार्यों और रिकॉर्ड प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की तथा वितरण केन्द्र के अंतर्गत चल रहे मेंटनेंस कार्य का अवलोकन भी किया।
उपकेन्द्र एवं वितरण केन्द्र के निरीक्षण के दौरान श्रीमती गुर्जर ने अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परिसर की नियमित साफ-सफाई, उपकरणों का समय-समय पर परीक्षण एवं रजिस्टरों का त्वरित अद्यतन सुनिश्चित किया जाए, ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की निरंतरता और उपभोक्ता शिकायतों का त्वरित व प्रभावी निवारण प्राथमिकता से सुनिश्चित किया जाए, वितरण केन्द्र में कार्यप्रणाली आश्वस्त, अनुशासित और उपभोक्ता-केंद्रित हो, संचालन एवं संधारण से जुड़े सभी उपकरणों की नियमित जांच-पड़ताल अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए तथा रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी ।
निरीक्षण के दौरान मुख्य महाप्रबंधक श्रीमती संपदा सराफ गुर्जर के साथ मुख्य अतिरिक्त महाप्रबंधक (प्रशासन) एस. के. गिरिया, अधीक्षण अभियंता, ग्रामीण वृत्त नीरज कुचया, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता उपस्थित रहे ।











