माँ शारदा की नगरी मैहर में संगीत साधना के प्रतीक बाबा उस्ताद अलाउद्दीन खाँ की स्मृति में आयोजित 51वें बाबा उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत समारोह का भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस संगीत महोत्सव का उद्घाटन प्रभारी मंत्री श्रीमती राधा सिंह, सांसद गणेश सिंह एवं मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
समारोह का आरंभ मैहर बैंड की शानदार प्रस्तुति से हुआ। बैंड कलाकारों ने बाबा उस्ताद अलाउद्दीन खाँ द्वारा रचित प्रसिद्ध धुन “श्याम कल्याण” प्रस्तुत कर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। पारंपरिक संगीत और शास्त्रीय रागों से सजी इस सुरमयी संध्या में संगीत की गूंज से पूरा परिसर आनंदित हो उठा।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश सुहाने, नगरपालिका अध्यक्ष गीता सोनी,कलेक्टर रानी बाटड, एसडीएम दिव्या पटेल, तहसीलदार जितेंद्र पटेल, सीएमओ सुषमा मिश्रा, डॉ. के. सी. जैन सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।समारोह के आगामी दिनों में देशभर के ख्यातिप्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जिससे मैहर पुनः संगीत साधना की धारा में डूब जाएगा।









