सुनेत्रा पवार ने गुरुवार को महाराष्ट्र की उप-मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके साथ ही वह राज्य की पहली महिला उप-मुख्यमंत्री बन गईं। शपथ ग्रहण समारोह मुंबई में राज्यपाल आचार्य देवव्रत के निवास पर आयोजित किया गया।
समारोह में मौजूद रहे शीर्ष नेता
इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के दौरान जैसे ही सुनेत्रा पवार हस्ताक्षर के लिए आगे बढ़ीं, पूरा हॉल ‘अजित दादा अमर रहे’ के नारों से गूंज उठा।
पोर्टफोलियो को लेकर तस्वीर साफ
शपथ के बाद सुनेत्रा पवार को मिलने वाली जिम्मेदारियों को लेकर चर्चाएं तेज थीं। सरकार की ओर से जारी आधिकारिक पत्र में उनके विभागों की पुष्टि कर दी गई है।
सुनेत्रा पवार को मिले ये विभाग
सरकार द्वारा जारी लेटर के मुताबिक, सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र सरकार में कुल तीन महत्वपूर्ण विभाग सौंपे गए हैं—
-
राज्य उत्पाद शुल्क
-
खेल और युवा कल्याण
-
अल्पसंख्यक विकास और औकाफ
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा भेजे गए इस पत्र पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने अपनी स्वीकृति दे दी है।
वित्त मंत्रालय सीएम फडणवीस के पास
जैसा कि पहले से अनुमान लगाया जा रहा था, वित्त मंत्रालय सुनेत्रा पवार को नहीं दिया गया है। स्वर्गीय अजित पवार के पास जो वित्त विभाग था, उसका प्रभार अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास रहेगा।
2026 का बजट पेश करेंगे फडणवीस
वित्त मंत्रालय के साथ-साथ योजना विभाग (प्लानिंग) भी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ही संभालेंगे। वह 2026 का राज्य बजट पेश करेंगे। गौरतलब है कि फडणवीस के पास 2023 में भी फाइनेंस पोर्टफोलियो रह चुका है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी बधाई
उप-मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुनेत्रा पवार को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा—
“सुनेत्रा पवार जी को महाराष्ट्र की डिप्टी चीफ मिनिस्टर के तौर पर कार्यभार संभालने पर शुभकामनाएं। वह यह जिम्मेदारी निभाने वाली पहली महिला हैं। मुझे विश्वास है कि वह राज्य के लोगों की भलाई के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगी और स्वर्गीय अजीतदादा पवार के विज़न को आगे बढ़ाएंगी।”
सादगी भरे अंदाज़ में दिखीं सुनेत्रा पवार
शपथ समारोह के दौरान सुनेत्रा पवार सफेद साड़ी में नजर आईं। सादगी और भावुक माहौल के बीच उन्होंने पद और गोपनीयता की शपथ ली।











