Friday, April 24, 2026
Homeव्यापारउद्योगों को नई रफ्तार, सरकार करेगी मदद, MSME सेक्टर को मिलेगा बड़ा...

उद्योगों को नई रफ्तार, सरकार करेगी मदद, MSME सेक्टर को मिलेगा बड़ा लाभ

केंद्र सरकार ने वर्ष 2026 का बजट पेश कर दिया है, जिसमें इंडस्ट्रियल और MSME सेक्टर को मजबूती देने के लिए कई अहम घोषणाएं की गई हैं। यह बजट खासतौर पर नए उद्यमियों के लिए बड़े अवसर लेकर आया है, जिससे नए उद्योग स्थापित होंगे और औद्योगिक ढांचे को मजबूती मिलेगी।


भविष्य की इंडस्ट्री पर सरकार की बड़ी रणनीति

एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज मध्यप्रदेश के अध्यक्ष योगेश मेहता के अनुसार, इस बजट में बायोफार्मा, सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग, रेयर अर्थ मैग्नेट और एक्सपोर्ट सेक्टर को मजबूत करने के लिए दूरगामी योजनाएं बनाई गई हैं।
इन कदमों से देश में उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और जिन क्षेत्रों में फिलहाल चीन जैसे देशों का दबदबा है, वहां भारतीय उत्पादों को भी नई पहचान मिलेगी।


मध्य प्रदेश के लिए बड़ा मौका

बजट में बायोफार्मा सेक्टर के लिए अगले 5 वर्षों में 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे बड़े पैमाने पर रिसर्च लैब और डेवलपमेंट सेंटर्स स्थापित होंगे। मध्य प्रदेश का पीथमपुर इंडस्ट्रियल एरिया पहले से ही फार्मास्युटिकल हब के रूप में जाना जाता है, जिससे राज्य को सीधा फायदा मिलेगा। इससे एक्सपोर्ट बढ़ेगा और देश के फॉरेन रिजर्व को भी मजबूती मिलेगी।


टेक्सटाइल सेक्टर को भी मिलेगा बूस्ट

बजट में टेक्सटाइल कारखानों के आधुनिकीकरण के लिए भी फंड की घोषणा की गई है।
बुरहानपुर, पीथमपुर, इंदौर के साथ-साथ चंदेरी और महेश्वरी साड़ियों से जुड़े हैंडलूम सेक्टर को इसका बड़ा लाभ मिलेगा। उद्योगपति अगर अपने कारखानों को अपग्रेड करना चाहते हैं, तो अब उन्हें आसानी से फाइनेंस उपलब्ध हो सकेगा, जिससे टेक्सटाइल एक्सपोर्ट को बढ़ावा मिलेगा।


नए उद्यमियों के लिए सुनहरा मौका

सरकार ने चैम्पियंस प्रोग्राम के तहत 10 हजार करोड़ रुपये का इक्विटी फंड आवंटित किया है। यह योजना उन नवाचारों के लिए है, जो रिसर्च तो कर लेते हैं, लेकिन वेंचर कैपिटल की कमी के कारण आगे नहीं बढ़ पाते।
सरकार न सिर्फ उद्योग लगाने में मदद करेगी, बल्कि फैक्ट्री संचालन और प्रोडक्शन के बाद एक्सपोर्ट तक में त्रिस्तरीय सहायता प्रदान करेगी।


MSME सेक्टर को मिली बड़ी राहत

सूक्ष्म और लघु उद्योगों के लिए क्रेडिट गारंटी की सीमा बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये कर दी गई है। इससे अब बिना किसी गारंटी के बड़े लोन मिलना आसान होगा।
इसके अलावा, सभी सरकारी कंपनियों के लिए MSME से की गई खरीद का भुगतान TReDS प्लेटफॉर्म के जरिए करना अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे भुगतान अटकने की समस्या खत्म होगी।


MSME ग्रोथ फंड से मिलेगा विस्तार

बजट में 10 हजार करोड़ रुपये का MSME ग्रोथ फंड भी घोषित किया गया है। इसका मकसद छोटे उद्योगों को आगे बढ़ने और बड़े स्तर पर विस्तार करने में मदद करना है।


पुराने औद्योगिक क्लस्टर फिर होंगे सक्रिय

सरकार ने पुराने औद्योगिक क्लस्टर्स को पुनर्जीवित करने के लिए भी विशेष फंड का प्रावधान किया है। इससे इंदौर के कन्फेक्शनरी, फुटवियर और ऑटो पार्ट्स सेक्टर को सीधा लाभ मिलेगा।
इंदौर और आसपास के कई बंद या सुस्त पड़े उद्योग दोबारा शुरू हो सकेंगे।


आसान प्रक्रियाएं, तेज विकास

बजट में कई प्रक्रियाओं को सरल किया गया है, जिससे समय और लागत दोनों की बचत होगी। इन प्रावधानों से उद्योगों का विकास तेज होगा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

Related Articles

Latest News