कटनी। एमपी के कटनी में कटनी-दमोह मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने बुजुर्ग महिला को कुचल दिया। मामला रीठी थाना क्षेत्र का है। हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
तहसील कार्यालय के पास बाईपास के पास सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम सिंघिया निवासी प्यारी बाई आदिवासी उम्र 65 वर्ष अपने घर से खेत की ओर जा रही थीं। तहसील कार्यालय के पास सड़क पार करते समय विपरीत दिशा से आ रहे टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही वृद्धा सामने की ओर गिरी, जिसे कुचलते हुए ट्रक निकल गया। हादसे में महिला के सिर पर गंभीर चोटें आने से मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर रीठी थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और मृतका के शव को सड़क से हटाकर अपने कब्जे में लिया। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
वहीं पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है। हालांकिए हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।











