कटनी। एमपी के कटनी स्थित जाजागढ़ बिचपुरा स्थित महालक्ष्मी क्रेशर प्लांट के कार्यालय में आज उस वक्त अफरातफरी व चीख पुकार मच गई। जब एक एक तेंदुए का शावक घुस गया।
शावक को अचानक दफ्तर में देखकर कर्मचारियों में दहशत फैल गई। हालांकि वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शावक का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
बताया गया है कि बड़वारा स्थित महालक्ष्मी क्रेशर प्लांट वन क्षेत्र की सीमा से सटा हुआ है। आज जब प्लांट के ऑफिस में कामकाज चल रहा था, तभी लगभग दो माह का एक तेंदुआ शावक भटकते हुए परिसर के अंदर आ गया और सीधे कार्यालय के कमरे में घुस गया।
कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही रेंजर गोविंद नारायण शुक्ला और डिप्टी रेंजर पंकज दुबे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे।
वन विभाग के कर्मचारियों ने सुरक्षा घेरा बनाकर शावक को बिना नुकसान पहुँचाए सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और उसे सुरक्षित पकड़ लिया। पकड़ा गया शावक लगभग दो माह का है।
संभवत: वह अपनी मां से बिछड़कर भोजन या पानी की तलाश में रिहायशी इलाके की ओर आ गया था। शावक को फिलहाल विभागीय निगरानी में रखा गया है और वह पूरी तरह स्वस्थ है। वन विभाग उसे वापस उसकी मां से मिलाने के लिए वन क्षेत्र में प्रयास कर रहा है।











