जबलपुर। एमपी के जबलपुर शहर के रानीताल इलाके में रविवार 8 मार्च की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब स्थानीय लोगों ने बीजेपी कार्यालय के पास स्थित कचरे के ढेर में एक अज्ञात महिला का शव पड़ा देखा।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। स्थानीय नागरिकों द्वारा तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना प्राप्त होते ही लार्डगंज थाना पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर अपनी जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा किए गए प्रारंभिक निरीक्षण में महिला के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं।
इन निशानों को देखते हुए पुलिस इस मामले को पूरी तरह संदिग्ध मान रही है और प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
कत्ल कहीं और किया गया : आशंका
जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि जिस स्थान पर शव बरामद हुआ है, वहां अक्सर कचरा डंप किया जाता है। पुलिस का अनुमान है कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई होगी और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को यहां लाकर फेंका गया है।
फिलहाल पुलिस मृतका की शिनाख्त करने के प्रयासों में जुटी हुई है ताकि मामले की कडिय़ों को जोड़ा जा सके।मामले की गहराई से जांच के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि क्षेत्र में संदिग्धों की आवाजाही का पता लगाया जा सके।
लार्डगंज पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मौत के वास्तविक कारणों का सटीक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।











