Homeमध्य प्रदेशMP : नरसिंहपुर-छिंदवाड़ा रोड पर बोलेरो में लगी आग, बाराती जान बचाकर...

MP : नरसिंहपुर-छिंदवाड़ा रोड पर बोलेरो में लगी आग, बाराती जान बचाकर बाहर भागे, लाखों का सामान जला

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर मुख्य मार्ग पर सिंगोड़ी के पास गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी आधी रात को एक भीषण हादसा हो गया। यहां एक चलती बोलेरो गाड़ी अचानक आग लग गई।

देखते ही देखते पूरा वाहन जलकर खाक हो गया। गनीमत यह रही कि गाड़ी में सवार तीनों लोग समय रहते बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 12:30 बजे का है। बोलेरो में सवार तीन लोग एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। सिंगोड़ी के पास अचानक इंजन से धुआं उठा और पल भर में आग की लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि कार सवारों को संभलने का मौका भी नहीं मिलता, लेकिन सूझबूझ दिखाते हुए तीनों तुरंत बाहर कूद गए।

बारातियों का सामान, गिफ्ट भी जलकर हुआ राख

अग्निकांड में न केवल बोलेरो जलकर ढांचा बन गई, बल्कि उसमें रखा बारातियों का कीमती सामान और उपहार भी जलकर राख हो गए। हादसे के बाद ग्रामीणों और वाहन सवारों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन आपातकालीन सेवा की पोल एक बार फिर खुल गई। सूचना मिलने के बावजूद दमकल की गाड़ी डेढ़ घंटे की देरी से मौके पर पहुंची।

जब तक दमकल कर्मी पहुंचते, तब तक आग से सबकुछ जलकर खाक हो गया था। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस सुस्त कार्यप्रणाली पर गहरा आक्रोश जताया है। सूचना मिलते ही सिंगोड़ी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी या कोई तकनीकी खराबी थी। फिलहाल मार्ग पर यातायात सुचारू कर दिया गया है।

Related Articles

Latest News