Friday, June 26, 2026
HomeखेलTrophy से लेकर फाइनल तक, श्रेयस अय्यर का कप्तानी रिकॉर्ड है सुपरहिट

Trophy से लेकर फाइनल तक, श्रेयस अय्यर का कप्तानी रिकॉर्ड है सुपरहिट

Trophy : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम की घोषणा करते हुए अनुभवी बल्लेबाज Shreyas Iyer को भारतीय टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है। घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में उनके शानदार नेतृत्व रिकॉर्ड को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताया है। वहीं, टीम प्रबंधन ने बड़ा फैसला लेते हुए Tilak Varma को नया उप-कप्तान बनाया है, जिससे युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने का संकेत मिला है।

टीम चयन की सबसे बड़ी चर्चा 15 वर्षीय प्रतिभाशाली बल्लेबाज Vaibhav Suryavanshi रहे, जिन्हें Rajasthan Royals के लिए आईपीएल में किए गए उनके विस्फोटक और यादगार प्रदर्शन के दम पर पहली बार सीनियर भारतीय टीम में जगह मिली है। युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के इस संतुलित मिश्रण के साथ भारतीय टीम आगामी दौरे पर दमदार प्रदर्शन की उम्मीद लेकर उतरेगी।

श्रेयस अय्यर को ही क्यों मिली टीम की कमान

श्रेयस अय्यर को राष्ट्रीय टीम की कमान मिलना अचानक लिया गया फैसला नहीं है बल्कि इसके पीछे इंडियन प्रीमियर लीग में उनकी बेहतरीन कप्तानी रही है। अय्यर ने साल 2018 में बेहद कठिन परिस्थितियों में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी संभाली थी और साल 2020 में टीम को पहली बार फाइनल तक ले गए। इसके बाद उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स का रुख किया और टीम को आईपीएल 2024 का खिताब दिलाया। इसी शानदार ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2025 की नीलामी में 26.75 करोड़ की भारी-भरकम रकम खर्च कर उन्हें अपने साथ जोड़ा था जहां उन्होंने 604 रन बनाने के साथ ही पंजाब को सालों बाद फाइनल में पहुंचाया। हालांकि, आईपीएल 2026 में शुरुआती शानदार प्रदर्शन के बावजूद पंजाब की टीम प्लेऑफ से चूक गई लेकिन फ्रेंचाइजी का उन पर भरोसा बरकरार है।

बेस्ट रहा है रिकॉर्ड

अगर आईपीएल में श्रेयस अय्यर के कप्तानी के आंकड़ों की बात करें, तो उन्होंने दिल्ली, कोलकाता और पंजाब जैसी बड़ी टीमों का नेतृत्व करते हुए एक खास मुकाम हासिल किया है। अय्यर ने लीग में अब तक कुल 101 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें से उनकी टीम को 55 मुकाबलों में जीत मिली है जबकि 41 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा उनके कप्तानी करियर के 3 मैच टाई और 2 मुकाबले बेनतीजा रहे हैं। आईपीएल में बतौर कप्तान उनका कुल जीत का प्रतिशत 55.81 का रहा है जो उनकी बेहतरीन कप्तानी को दर्शाता है।

घरेलू क्रिकेट में भी मनवाया लोहा

सिर्फ आईपीएल ही नहीं, घरेलू क्रिकेट में भी अय्यर की कप्तानी का लोहा माना गया है। उन्होंने साल 2022-23 के घरेलू सीजन में मुंबई की टीम का नेतृत्व करते हुए फाइनल में हिमाचल प्रदेश को शिकस्त दी और अपनी टीम को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का चैंपियन बनाया। टी20 फॉर्मेट के इस प्रतिष्ठित घरेलू टूर्नामेंट में भी बतौर कप्तान उनका रिकॉर्ड बेहद दमदार रहा है, जहां उन्होंने कुल 13 मैचों में मुंबई की कप्तानी की और टीम को 11 मैचों में शानदार जीत दिलाई, जबकि केवल 2 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। घरेलू टी20 में उनका जीत का प्रतिशत 84.6 का बेहद शानदार रहा है।

घरेलू क्रिकेट में लगभग 85% और आईपीएल में 100 से अधिक मैचों में 55% से ज्यादा का जीत प्रतिशत यह साबित करने के लिए काफी है कि अय्यर के पास टी20 फॉर्मेट में कप्तानी का लंबा और सफल अनुभव है। अब देखना दिलचस्प होगा कि आयरलैंड और इंग्लैंड की पिचों पर श्रेयस अय्यर भारतीय टी20 टीम को किस नई ऊंचाई पर ले जाते हैं।

Related Articles

Latest News