Thursday, July 30, 2026
Homeराष्ट्रीयMadhya Pradesh में मूंग खरीद का दायरा बढ़ा, सरकार ने 60% खरीद...

Madhya Pradesh में मूंग खरीद का दायरा बढ़ा, सरकार ने 60% खरीद को दी मंजूरी

Madhya Pradesh : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर किसानों की समस्याओं के समाधान और उनकी मांगों पर विचार के लिए गठित मंत्री समूह ने 29 जुलाई को मंत्रालय में किसान संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में किसानों के हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस संबंध में कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना ने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार हमेशा किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्नदाता राज्य की अर्थव्यवस्था और समृद्धि की मजबूत नींव हैं, इसलिए उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने और कृषि क्षेत्र को अधिक लाभकारी बनाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ लगातार कार्य कर रही है।

प्रदेश के कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने कहा कि जैसा कि हम सभी जानते हैं भारत सरकार द्वारा इस वर्ष ग्रीष्मकालीन मूंग की खरीद के लिए मध्य प्रदेश को 4.52 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। भारत सरकार की योजना के अंतर्गत राज्य के कुल उत्पादन का अधिकतम 25 प्रतिशत खरीद किए जाने का प्रावधान है। भारत सरकार के इसी नियम के अंतर्गत निर्णय लिया गया था कि प्रदेश के मूंग उत्पादक किसानों से उनकी उपज का 25 प्रतिशत न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद किया जाएगा।

किसानों के हित को ध्यान में रखा जाए –

मंत्री कंसाना ने बताया कि आज किसान प्रतिनिधियों के साथ हुई चर्चा के बाद किसानों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब प्रत्येक पात्र किसान से उसकी मूंग उपज का 25 प्रतिशत नहीं, बल्कि 60 प्रतिशत खरीद किया जाएगा, जो नर्मदापुरम, सीहोर एवं हरदा जैसे जिलों में लगभग 3 क्विंटल प्रति एकड़ आता है। यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू किया जाएगा और हमारा प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ मिले।

स्लॉट बुकिंग की अवधि भी 10 दिन बढ़ाने का निर्णय

मंत्री कंसाना ने कहा कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने स्लॉट बुकिंग की अवधि भी 10 दिन बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब किसान 30 जुलाई के स्थान पर 10 अगस्त तक स्लॉट बुकिंग कर सकेंगे। इसी प्रकार उपार्जन की अंतिम तिथि भी 10 अगस्त से बढ़ाकर 20 अगस्त की जा रही है। मैं प्रदेश के किसान भाइयों-बहनों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि मध्यप्रदेश सरकार सदैव किसानों के हित में खड़ी है। जहां तक खाद वितरण के लिए लागू की गई ई-टोकन व्यवस्था से संबंधित शिकायतों और व्यावहारिक समस्याओं का प्रश्न है, यह व्यवस्था राज्य शासन का एक महत्वपूर्ण सुधार है और आने वाले समय में इससे किसानों को काफी सुविधा एवं लाभ मिलेगा।

किसानों के लिए नई और अच्छी व्यवस्था

मंत्री कंसाना ने कहा कि चूंकि यह एक नई व्यवस्था है, इसलिए प्रारंभिक स्तर पर सामने आ रही समस्याओं को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कृषि उत्पादन आयुक्त, की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने का निर्णय लिया है। यह समिति ई-टोकन व्यवस्था से जुड़ी सभी समस्याओं का परीक्षण कर राज्य सरकार को अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी। समिति की अनुशंसाओं के आधार पर आवश्यक सुधार तत्काल किए जाएंगे । सुझाव प्राप्त होकर सुधार होने तक ई-टोकन से खाद वितरण की व्यवस्था तत्काल प्रभाव से स्थगित की जा रही है।

Related Articles

Latest News