Saturday, September 19, 2026
Homeमध्य प्रदेशMP के टॉपर्स को CM ने बांटी स्कूटी, चेहरे पर दिखी खुशी;...

MP के टॉपर्स को CM ने बांटी स्कूटी, चेहरे पर दिखी खुशी; कॉलेज पहुंचना होगा आसान

राज्य में सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शनिवार को राजधानी के सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में ई-स्कूटी का वितरण किया. प्रदेशभर के 7500 से ज्यादा टॉपर्स को स्कूटी दी जा रही है. इसमें पेट्रोल स्कूटी खरीदने के लिए करीब 90 हजार और ई-वाहन के लिए 1.20 लाख रुपए तक की राशि दी जा रही है. सीएम मोहन यादव ने कहा कि यह सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि सरकारी स्कूलों के बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास को आगे बढ़ाने का सरकार का कमिटमेंट है.

7500 टॉपर्स को स्कूटी, पेट्रोल या ई-वाहन का विकल्प

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा, योजना के तहत अलग-अलग सरकारी स्कूलों में टाप करने वाले 7500 से ज्यादा विद्यार्थियों को स्कूटी दी जा रही है. पेट्रोल वाहन के लिए करीब 90 हजार रुपए और ई-वाहन के लिए 1.20 लाख रुपए तक की राशि का प्रावधान है. सरकार का उद्देश्य बच्चों को केवल सुविधा देना नहीं, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने और अपनी क्षमता का बेहतर इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित करना

1.45 लाख विद्यार्थियों को लैपटॉप, अब स्कूटी की सुविधा

सीएम मोहन यादव ने कहा, इसी महीने 1 तारीख को करीब 1.45 लाख विद्यार्थियों को लैपटॉप दिए गए हैं. कई विद्यार्थियों के लिए यह पहला बड़ा संसाधन है, जो उनकी पढ़ाई और आगे बढऩे के रास्ते को आसान करता है. अब स्कूटी मिलने से कॉलेज तक पहुंचने की परेशानी भी कम होगी. उन्होंने कहा, इसका उदाहरण भोपाल की खुशी पाल हैं. खुशी 12वीं में 90 प्रतिशत अंक हासिल करने के बाद बीबीए कर रही हैं. उनका कॉलेज घर से करीब 25 किलोमीटर दूर है. पहले आटो से आने-जाने में रोजाना करीब 50 से 60 रुपए खर्च होते थे और समय पर कॉलेज पहुंचने में भी दिक्कत आती थी. अब स्कूटी मिलने से उनका सफर आसान होगा.

स्कूल शिक्षा बजट 38 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचा

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, वर्तमान में स्कूल शिक्षा का बजट करीब 38 हजार करोड़ रुपए है, जबकि प्रदेश का कुल बजट 4.38 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया है. उन्होंने दावा किया, प्राथमिक स्तर पर ड्रापआउट में भी सुधार हुआ है और सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी मेरिट में 50 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सेदारी दर्ज कर रहे हैं. सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पुराने बजट का जिक्र किया और कहा कि अब सरकार शिक्षा और बच्चों के भविष्य पर लगातार संसाधन बढ़ा रही है. उन्होंने डीबीटी व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों तक पहुंच रही है.

स्कूल शिक्षा मंत्री बोले-यह अभी शुरुआत है

स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने कहा, सरकार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर संसाधन और सुविधाएं देने के लिए संकल्पित है. आने वाले समय में विद्यार्थियों को लगातार नए अवसर और प्रोत्साहन दिए जाएंगे. विद्यार्थी मेहनत जारी रखें, प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाएं और अपने माता-पिता के सपनों को साकार करें.

Related Articles

Latest News