Saturday, September 26, 2026
Homeखास खबरनागालैंड में जहरीली शराब का कहर: 19 लोगों की मौत, 3,000 बोतलें...

नागालैंड में जहरीली शराब का कहर: 19 लोगों की मौत, 3,000 बोतलें जब्त

नागालैंड में जहरीली शराब पीने से 19 लोगों की मौत हो गई है. राज्य में 1990 से शराब पर पाबंदी लागू है. इसके बावजूद पुलिस ने राज्य में 3,000 बोतलें जब्त की हैं. पुलिस ने बताया कि पिछले दो दिनों में मोकोकचुंग जिले में आठ और तुएनसांग जिले में 11 लोगों की मौत अवैध शराब पीने से हुई है.

पुलिस ने मिलावटी शराब की सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए एक टीम बनाई है. सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (एसएसपी) वेसुप्रा केजो ने शनिवार को बताया कि इन मौतों की जांच करने और मिलावटी शराब के स्रोत और सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (एएसपी आई. बुंगलांग चांग की अगुवाई में एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) बनाई गई है. एसएसपी ने कहा, मौत की वजह का पता लगाने के लिए सैंपल फोरेंसिक जांच के लिए गुवाहाटी भेजे गए हैं. हमें कुछ सुराग मिले हैं, लेकिन अभी जानकारी का खुलासा करना जल्दबाजी होगी.

शराब की 3,000 बोतलें जब्त

राज्य में जहरीली शराब से लोगों की मौत की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने कई जगहों पर छापामारी की. पुलिस ने शराब की करीब 3,000 बोतलें जब्त की हैं और 19 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे बिना पहचान, बिना लेबल या संदिग्ध अवैध शराब न पिएं. साथ ही, शराब पीने के बाद चक्कर आना, धुंधला दिखना, सांस लेने में तकलीफ या बेहोशी जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत मेडिकल मदद लेने की अपील की है.

Related Articles

Latest News