Friday, April 24, 2026
Homeराष्ट्रीयअपने घर की छत पर लगवाएं सोलर रूफटाॅप, 94 हजार रुपये तक...

अपने घर की छत पर लगवाएं सोलर रूफटाॅप, 94 हजार रुपये तक देगी सरकार

मप्र पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के क्षेत्रांतर्गत बिजली उपभोक्ताओं में सौर ऊर्जा से अपने घर रोशन करने के प्रति तेजी से रूचि बढ रही है । केन्द्र सरकार की सोलर रूफटाॅप योजना में मिल रही 20 से 40 प्रतिशत तक सब्सिडी के कारण सोलर रूफटाॅप संयंत्र लगवाना सस्ता और आसान हो गया है। योजना के दूसरे चरण में अब तक 3480 घरेलू उपभोक्ता ने 27.6 मेगावाॅट तथा 170 उच्च दाब उपभोक्ताओं ने 26.4 मेगावाॅट सोलर रूफटाॅप संयंत्र की स्थापना कराई जा चुकी है।

ये भी पढ़ें: बिजली कंपनी की बड़ी कार्यवाही: बिजली बिल नहीं चुकाने वाले उपभोक्ताओं के बैंक अकाउंट किए सीज

इन उपभोक्ताओं ने सौर ऊर्जा से अपने परिसर में बिजली का उत्पादन कर स्वयं की आवश्यकताओं को पूरा कर लिया है, साथ ही स्थापित संयंत्र से उत्पादित अतिरिक्त बिजली कंपनी को बेच भी रहे हैं। कंपनी क्षेत्र में शासकीय भवनों, दुकानों, कार्यालयों, स्कूलों, कालेजों, अस्पतालों तथा रहवासी घरों की छतों पर सोलर पेनल बखूबी कार्य कर रहे हैं। सोलर संयंत्र की स्थापना से उपभोक्ताओं के बिजली बिल राशि में कमी आ रही है, ग्रीन इनर्जी को बढावा मिल रहा है साथ ही कार्बन के उत्सर्जन में कमी आ रही है। 

भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा घरों की छतों पर सोलर पेनल लगाकर अपनी बिजली बनाने के लिए सोलर रूफटाॅप योजना के दूसरे चरण में पहले 3 किलोवाट तक 40 प्रतिशत तथा 3 से 10 किलोवाट तक का संयंत्र लगाने पर 20 प्रतिशत की अनुदान राशि प्रदान की जा रही है। यह योजना पूर्व क्षेत्र कंपनी के क्षेत्र जबलपुर, सागर, रीवा एवं शहडोल संभागों में भी चल रही है।

सोलर रूफटाप संयंत्र स्थापित हो जाने पर ऊर्जा मंत्रालय द्वारा दी जाने वाली सब्सिडी की राशि आवेदनकर्ता के बैंक खाते में सीधे स्थानांतरित की जाती है। पंजीकृृत वेंडर्स के माध्यम से लगाए जाने वाले सोलर पेनल एवं अन्य उपकरण मंत्रालय के मानकों के अनुसार रहते हैं तथा संयंत्र का पांच वर्ष तक रखरखाव भी किया जाता है। नेट मीटर एवं जनरेशन मीटर की कीमत संबंधित उपभोक्ता द्वारा वहन की जाती है। संयंत्र की स्थापना कर उपभोक्तागण प्रति माह प्रति किलोवाट 120 यूनिट का उत्पादन कर 700 से 800 रुपये तक की बिजली की बचत कर सकते हैं। सोलर रूफटाप संयंत्र की लागत की गणना पूर्व क्षेत्र कंपनी के पोर्टल https://www.mpez.co.in पर उपलब्ध सोलर रूफटाप कैलकुलेटर के माध्यम से की जा सकती है।

अनुदान राशि

योजना के अंतर्गत एक से तीन किलोेवाट तक का संयंत्र स्थापित करने पर प्रति किलोवाट पर 14 हजार 588 रुपये की अनुदान राशि तथा चार से दस किलोवाट तक के संयंत्र पर प्रति किलोवाट 7 हजार 294 रुपये अनुदान राशि प्रदान की जा रही है। दस किलोवाट से अधिक के संयंत्र पर कुल 94 हजार 822 रुपये अनुदान राशि का प्रावधान है।

कैसे करें आवेदन

कंपनी क्षेत्र के सोलर रूफटाप संयंत्र के इच्छुक बिजली उपभोक्ता https://solar rooftop.gov.in के माध्यम से आंनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ उपभोक्ता का आधार कार्ड एवं फोटो अपलोड की जाती है।

Related Articles

Latest News