Friday, October 23, 2026
Homeमध्य प्रदेशभोपाल में अगले माह शुरू होगा अयोध्या बायपास चौड़ीकरण और फ्लाई ओवर...

भोपाल में अगले माह शुरू होगा अयोध्या बायपास चौड़ीकरण और फ्लाई ओवर निर्माण

अयोध्या बायपास का चौड़ीकरण, फ्लाई ओवर का निर्माण और आनंद नगर से प्रगत पदार्थ तथा प्रक्रम अनुसंधान संस्थान (एम्प्री) तक एलीवेटेड कॉरीडोर के निर्माण का कार्य अगले माह शुरू होगा।

पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को इस आशय के निर्देश दिये। श्रीमती गौर शनिवार को निवास पर विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की निर्माण एजेन्सियों के साथ समीक्षा कर रहीं थीं।

राज्य मंत्री श्रीमती गौर ने अयोध्या बायपास चौड़ीकरण, फ्लाईओवर निर्माण और आनंद नगर से एम्प्री तक एलीवेटेड कॉरीडोर के कार्य शुरू होने में हो रहे बिलंब पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि लाखों लोगों के आवागमन की सुविधा के इस कार्य में बिलंब होना ठीक नहीं है। फरवरी अंत तक कार्य प्रारंभ करने के प्रयास करे। निर्माण एजेन्सी ने आश्वस्त किया कि कार्य शुरू होने की तैयारियाँ लगभग पूरी हो चुकी हैं और फरवरी माह में कार्य शुरू कर दिया जायेगा।

राज्य मंत्री श्रीमती गौर ने लोक निर्माण विभाग और सीपीए द्वारा जेके रोड के निर्माण को बहुत धीमे करने पर अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जेके रोड निर्माण का कार्य बहुत धीमी गति से चल रहा है। इसमें तेजी लाई जाये और इसे अप्रैल माह तक पूरा करवाया जाना सुनिश्चित करें।

श्रीमती गौर ने एम्प्री से मिसरोद तक एलीवेटेड कॉरीडोर के निर्माण को शुरू करने की बात कहीं। उन्होंने जाटखेड़ी, आरकेडीएफ रोड, आशिमा मॉल से बावड़िया कला चौक तक रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण, इलाहबाद बैंक पिपलानी से खजूरीकलां बायपास तक सड़क निर्माण सहित अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा की।

समीक्षा बैठक में पार्षद श्रीमती उर्मिला मौर्य और शिवलाल मकोरिया, एसडीएम एमपी नगर एल.के. खरे, एडिशनल कमिश्नर नगर निगम पी.के. सिंह, डीजीएम एमपीईबी राकेश कपिल, ई पीडब्ल्यूडी जावेद शकिल, जीएम एनएचएआई प्रदीप, एसई नगर निगम उदित गर्ग, ई पीडब्ल्यूडी के.एस. तोमर, एसई पीडब्ल्यू अजय श्रीवास्तव, ई सीपीए आर.पी. गुप्ता सहित सभी निर्माण एजेन्सियों के अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Latest News