Friday, October 23, 2026
Homeमध्य प्रदेशश्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने किया 10 करोड़ की लागत से...

श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने किया 10 करोड़ की लागत से बने सिविल अस्पताल भवन का लोकार्पण

भोपाल (हि.स.)। पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने रविवार को सागर जिले के बांदा में 10 करोड रुपए की लागत से निर्मित किए गए सिविल अस्पताल भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान विधायक वीरेंद्र सिंह लंबरदार एवं गौरव सारोठिय उपस्थित रहे।

मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि भगवान से मेरी प्रार्थना है कि किसी भी व्यक्ति या परिवार को इस अस्पताल में आने की आवश्यकता ना पड़े, सभी सदैव स्वस्थ रहें। स्वस्थ रहने के लिए हम सभी को मोटे अनाज का उपयोग करना ही होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मिलेट्स के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए लगातार जन जागरूकता अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल, जेल, कोर्ट, थाने हमारी गलती से ही इनके भवन बनते हैं यदि हम किसी भी प्रकार की गलती नहीं करेंगे तो उनकी आवश्यकता ही नहीं पड़ेगी।

प्रदेश को बनाएं टीबी मुक्त

मंत्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जल संरक्षण के लिए लगातार बांधों का निर्माण किया जा रहा है और नल जल योजना से शुद्ध पेयजल नल के माध्यम से हर घर में उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब पानी स्वच्छ मिलेगा तो कोई भी व्यक्ति बीमार नहीं होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2025 तक भारत को टीबी मुक्त बनाने के लिए जो कार्य किए जा रहे हैं, उसी कड़ी में विगत दिवस उन्होंने स्वयं बीसीजी का टीका लगवाया है। उन्होंने सभी नागरिकों से टीबी मुक्त प्रदेश का निर्माण करने के लिए टीकाकरण कराने की अपील की।

मंत्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश का सतत् विकास हो रहा है, जो निरंतर चलता रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा कुछ बड़े जिला चिकित्सालयों को पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज बनाने का जो कार्य किया जा रहा है, इससे आने वाले समय में प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा और हमें अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त होगी।

Related Articles

Latest News