Friday, October 23, 2026
Homeराष्ट्रीयपटना-डीडीयू रेलखंड पर होली स्पेशल ट्रेन में आग लगने से छह घंटे...

पटना-डीडीयू रेलखंड पर होली स्पेशल ट्रेन में आग लगने से छह घंटे परिचालन ठप

पटना (हि.स.)। नई दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग के पटना-डीडीयू रेलखंड पर मंगलवार रात लगभग एक बजे 01410 अप दानापुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस होली स्पेशल ट्रेन में आग लग गई। यह घटना बिहार के भोजपुर जिले के बिहिया और कारीसाथ स्टेशनों के बीच हुई। घटना के बाद अप और डाउन दोनों दिशाओं में ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बंद हो गया।

घटना के बाद अप लाइन में करीब तीन घंटे और डाउन लाइन में करीब छह घंटे के बाद परिचालन बहाल किया जा सका। ट्रेन के तीन डिब्बे को इंजन के साथ बक्सर स्टेशन पर बुधवार सुबह से खड़ी स्पेशल ट्रेन और क्षतिग्रस्त डिब्बे को घटना वाले स्टेशनों पर काट कर निकाल लिया गया है। प्राथमिक मरम्मत कार्य के बाद यह ट्रेन बुधवार की सुबह 6:40 बजे बक्सर रेलवे स्टेशन पहुंची। इस ट्रेन के आग से प्रभावित कोच को हटाकर शेष यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की गई है। इस बीच रेलवे ने पटना से खुल चुकी ट्रेनों को आरा से बक्सर की बजाय सासाराम के रास्ते डीडीयू तक चलाया। साथ ही कई ट्रेनों को पटना से गया के रास्ते डायवर्ट कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि ट्रेन पटना में दानापुर से खुलकर आरा के रास्ते लोकमान्य तिलक जा रही थी। इसी बीच कारीसाथ स्टेशन के समीप चिंगारी उठी जो देखते ही देखते लपटों में तब्दील हो गई। बोगी में आग लगने के बाद एसी बोगी से जुड़े अन्य बोगियों में हाहाकार मच गया। किसी भी तरफ यात्रियों कूदकर जान बचाई। हालांकि, ट्रेन में कम भीड़ होने से जनहानि नहीं हुई।

स्थानीय ग्रामीणों के मदद से आग पर काबू पाया गया। ग्रामीणों के मुताबिक यह घटना करीब देर रात एक बजे घटी है। घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। बोगी को ट्रेन से अलग कर होली स्पेशल ट्रेन को रवाना कर दिया गया।

Related Articles

Latest News