Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशमतदान प्रक्रिया का अवलोकन करने मध्यप्रदेश आएगा फिलीपीन्स और श्रीलंका का डेलीगेशन

मतदान प्रक्रिया का अवलोकन करने मध्यप्रदेश आएगा फिलीपीन्स और श्रीलंका का डेलीगेशन

भोपाल (हि.स.)। भारतीय लोकतंत्र के महापर्व लोकसभा आम निर्वाचन-2024 की संपूर्ण प्रक्रिया का अवलोकन करने के लिये भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विभिन्न देशों के डेलीगेशन को अलग-अलग राज्यों में भेजा जा रहा है। इसी अनुक्रम में मध्यप्रदेश में फिलीपीन्स और श्रीलंका का 11 सदस्यीय डेलीगेशन भोपाल आयेगा। यह डेलीगेशन 5 से 8 मई तक भोपाल में रहकर मतदान की तैयारियों व मतदान प्रक्रिया का अवलोकन करेगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने शुक्रवार को बताया कि फिलीपीन्स के ‘कमीशन ऑन इलेक्शन्स’ की एसोसिएट कमिश्नर सोकोर्रो बी. इंटिंग के नेतृत्व में 3 सदस्यीय डेलीगेशन भोपाल आयेगा। इस डेलीगेशन में डायरेक्टर सेलिया बी. रोमेरो एवं एग्जीक्युटिव असिस्टेंट लेसली एन सी. कॉनक्विला भोपाल आएंगी।

इसी तरह श्रीलंका के ‘प्रेसीडेंशियल कमीशन ऑफ इन्क्वायरी टू मेक रिकमंडेशन्स फॉर इलेक्शन लॉ रिफार्म्स’ के चेयरमैन जस्टिस वीवेज प्रियसथ गेरार्ड डेप के नेतृत्व में 8 सदस्यीय डेलीगेशन भोपाल आ रहा है। इस डेलीगेशन में कमीशन मेम्बर सुंथारम अरूमैनायाहम, कमीशन मेम्बर अलीसंदारालेज सेनानायके, कमीशन मेंबर अहमद लेब्बे मोहम्मद सलीम, कमीशन मेंबर निमालका फर्नान्डो, कमीशन मेंबर विथारानागे दीपानी सामंथा रॉडरिगो, कमीशन मेंबर एलन करमाइकल वेरे तंबिनायागम डेविड सहित कमीशन सेकेट्री माधवा देवासुरेन्द्र भी भोपाल आएंगे।

राजन ने बताया कि यह डेलीगेशन 5 मई को भोपाल पहुंचेगा। यह डेलीगेशन 6 मई को सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक दलों की रवानगी सहित अन्य मतदान तैयारियों का अवलोकन करेगा। सात मई को यह डेलीगेशन भोपाल, सीहोर, रायसेन और विदिशा जिले के मतदान केन्द्रों में मतदान प्रक्रिया का मौके पर जाकर अवलोकन करेगा। साथ ही मतदाताओं से चर्चा भी करेगा। 8 मई को दोपहर 12 बजे यह डेलीगेशन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय आएगा और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन से भेंट कर अपने अनुभव साझा करेगा।

Related Articles

Latest News