Friday, April 24, 2026
Homeराष्ट्रीयउत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ी से गिरे पत्थर, एक की...

उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ी से गिरे पत्थर, एक की मौत, 10 घायल

उत्तरकाशी (हि.स.)। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर डबरानी के पास शुक्रवार को पहाड़ से बड़े-बड़े पत्थर गिरने के कारण कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर गंगोत्री हाईवे पर डबरानी के पास पहाड़ पर लगी आग के कारण बड़े-बड़े पत्थर हाईवे पर आ गिरे। पत्थरों की चपेट में आने से एक बोलेरो वाहन, बाइक, कार, बीआरओ ट्रक, एक जेसीबी मशीन और एक पानी का टैंकर क्षतिग्रस्त हो गया। इससे घटना में एक व्यक्ति की घटना स्थल पर मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। इनमें आठ घायलों को 108 एम्बुलेंस सेवा की मदद से हर्षिल स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो घायलों को उत्तरकाशी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, राजस्व टीम, आपदा क्यूआर टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया। पुलिस ने पहाड़ी से गिर रहे पत्थरों के चलते गंगोत्री धाम आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को कुछ समय के लिए रोक दिया। जिससे दोनों और वाहनों की लंबी कतारें लग गई थी।

पुलिस ने बताया कि गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर से यातायात को सुरक्षित स्थान पर रोक दिया गया था। मार्ग से बोल्डरों को हटाने के बाद मार्ग को आवाजाही के लिए खोल दिया गया है।

घायलों में सुभाष वोनियाल पुत्र होमा वोनियाल उम्र-40 वर्ष निवासी ग्राम कचटा थाना कालसी देहरादून, बीना वोनियाल पत्नी सुभाष वोनियाल उम्र- 38 वर्ष, दिव्यांशु पुत्र सुभाष उम्र-18 वर्ष, हिमांशु पुत्र सुभाष उम्र- 16 वर्ष, मीरा पत्नी नितेश निवासी मुजफ्फरनगर उम्र- 35 वर्ष, विशाखा पुत्री नितेश उम्र 25 वर्ष, राधा पुत्री नितेश उम्र- 16 वर्ष, नितेश निवासी मुजफ्फर नगर, गोपाल बहादुर, रोशन जड़ाव आदि शामिल हैं। वहीं मृतक की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है।

Related Articles

Latest News