Friday, October 23, 2026
Homeमध्य प्रदेशजबलपुर कलेक्‍टर की पहल: ललित कला महाविद्यालय की प्रदर्शनी को मार्केट से...

जबलपुर कलेक्‍टर की पहल: ललित कला महाविद्यालय की प्रदर्शनी को मार्केट से लिंक करने किए जायेंगे प्रयास

जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना ने आज शनिवार को शासकीय ललित कला महाविद्यालय पहुँचकर यहाँ संस्था के छात्र-छात्राओं की कलाकृतियों और पेंटिंग्स की लगाई गई प्रदर्शनी “पंरपरा” का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्था के छात्र-छात्राओं के कला कौशल और सृजनात्मकता की सराहना की।

दीपक सक्सेना ने कहा कि संस्था के बच्चों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों एवं पेंटिंग्स को बाजार से भी जोड़ा जाना चाहिये, ताकि संस्था के छात्र-छात्रायें इससे प्राप्त अनुभव का लाभ लेकर भविष्य में अपनी कौशल को आजीविका का सशक्त साधन बना सकें।

कलेक्टर दीपक सक्सेना ने आयोजकों से प्रदर्शनी की अवधि बढाने का आग्रह किया तथा इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने की आवश्यकता बताई, ताकि ज्यादा से ज्यादा नागरिक संस्था के विद्यार्थियों की कला कौशल से परिचित हो सके। उन्होंने संस्था के छात्र-छात्राओं द्वारा बनाई गई कलाकृतियों और पेंटिंग्स के प्रमोशन के लिये एक ऐसा स्थान चिन्हित करने पर जोर दिया जहाँ कलाकृतियों और पेंटिंग्स को प्रदर्शित किये जाने के साथ-साथ विक्रय के लिये भी उपलब्ध कराया जा सके।

दीपक सक्सेना ने इसके लिये अलग से एक बैठक बुलाने की बात भी कही। उन्होंने ललित कला महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं से विभिन्न आयोजनों के दौरान आमंत्रित अतिथियों को दिये जाने के लिये स्मृति चिन्ह तैयार करने का आग्रह भी किया तथा कहा कि ये स्मृति चिन्ह जबलपुर की सांस्कृतिक विरासत पर केंद्रित हों इस बात का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिये।

प्रदर्शनी का अवलोकन करने के पहले कलेक्टर दीपक सक्सेना ने महाविद्यालय प्रांगण में पौधा भी रोपा। उन्होंने संस्था के विद्यार्थियों से भी पर्यावरण सरंक्षण के उद्देश्य से एक-एक पौधा लगाने की अनुरोध करते हुये लगाये गये पौधों की सुरक्षा पर भी ध्यान देने का आग्रह किया।

इस दौरान रानी दुर्गावती विश्‍वविद्यालय से डॉ. विवेक मिश्र, महाकौशल कॉलेज से डॉ. अरूण शुक्‍ला, संयुक्‍त संचालक वित्‍त सेवाऐं रोहित सिंह कौशल सहित महाविद्यालय से डॉ. मनीष कोष्‍टा, सुश्री शैलजा सुल्‍लेरे, डॉ. प्रणव भट्ट, दुर्गेश बिरथरे, विकास चौरसिया सहित महाविद्यालयीन स्‍टॉफ मौजूद रहा।

Related Articles

Latest News