Friday, October 23, 2026
Homeखास खबररेलवे के क्रू मेंबर्स की सूझबूझ से टली ट्रेन दुर्घटना बची सैकड़ों...

रेलवे के क्रू मेंबर्स की सूझबूझ से टली ट्रेन दुर्घटना बची सैकड़ों यात्रियों की जान, डीआरएम ने किया सम्मान

जबलपुर रेल मंडल के डीआरएम ने विगत 14 अगस्त 2024 को सूझबूझ से ट्रेन दुर्घटना टाल कर सैकड़ों रेलयात्रियों की जान बचाने वाले गाड़ी संख्या 09063 वापी-दानापुर एक्सप्रेस के लोको पायलट सुनील श्रीवास्तव कटनी, सहायक लोको पायलट उदय राज यादव कटनी तथा ट्रेन मेनेजर गुड्स संतोष कुमार लोधी न्यू कटनी जंक्शन को सम्मानित किया।

वरि. मंडल संरक्षा अधिकारी एके श्रीवास्तव के अनुसार दिनांक 14 अगस्त 2024 को गाड़ी संख्या 09063 वापी-दानापुर एक्सप्रेस का प्रस्थान पथरिया स्टेशन से असलाना की ओर ड़ाउन ट्रेक पर 17:12 बजे हुआ। गाड़ी अपने अधिकतम गति लगभग 100 किलो मीटर प्रतिघंटा से चल रही थी। अचानक बगल वाले अप ट्रैक के OHE के तार तेजी से ऊपर नीचे होने लगे। क्रू मेंबर्स ने आगे ट्रेक पर हुयी कोई असामान्य घटना का आकलन कर तुरन्त ट्रेन में आपातकालीन ब्रेक लगाया। गाड़ी की गति कम होना शुरू हुई थी, तभी इन्होंने विपरीत दिशा अप लाइन पर आ रही ट्रेन के लोको का फ्लैशर लाइट का जलना भी देखा जो आगे ट्रैक पर किसी आपातकालीन परिस्थितियों का संकेत दे रहा था।

गाड़ी आपातकालीन ब्रेक लगाये जाने से सामने दिख रहे कुछ अवरोध से 400 से 500 मीटर की दूरी पर खड़ी हो गई। ट्रैक पर कोयले का गुब्बार ऊपर उठ रहा था। जिससे आगे कुछ नहीं दिखाई दे रहा था। कोयले का गुब्बार कम होने पर ALP ने जाकर देखा तो पाया कि अप ट्रैक पर मालगाड़ी GTPS के आठ कोयले से लदे हुये वैगन अवपथित होकर गाड़ी संख्या 09063 के डाउन ट्रेक पर चार डिब्बे इनकी ट्रेन के सामने ट्रेक को अवरोधित कर रहे थे एवं अप तथा डाउन दोनों ट्रैक अवरुद्ध हो गये थे।

इस तरह से गाड़ी संख्या 09063 के चालक दल के द्वारा संरक्षा के प्रति सजग, सतर्क एवं तत्परता से एक बड़ी रेल दुर्घटना को टाला। आपके इस सराहनीय कार्य के लिए मंडल रेल प्रबंधक विवेक शील द्वारा फूलमाला, नारियल, मिठाई, शाल एवं नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विवेक शील मंडल रेल प्रबंधक के साथ सुनील टेलर अपर मंडल रेल प्रबंधक, एके श्रीवास्तव वरि. मंडल संरक्षा अधिकारी, डॉ. मधुर वर्मा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, प्रिंस विक्रम वरि. मंडल परिचालन प्रबंधक, राम बदन मिश्रा वरि. मंडल विद्युत इंजी (सामान्य), हिमांशु तिवारी वरि. मंडल वित्त प्रबंधक एवं मंडल के समस्त अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Latest News