President Murmu : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को म.प्र. यात्रा के पहले दिन तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में ओंकारेश्वर तीर्थ और द्वादश ज्योतिर्लिंग ममलेश्वर के दर्शन कर अभिषेक भी किया। उन्होंने ममलेश्वर और ओंकारेश्वर भगवान के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की।
President Murmu : राष्ट्रपति मुर्मु ने 12 ज्योतिर्लिंग में से एक ममलेश्वर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश से पहले नंदी प्रतिमा पर बेलपत्र अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद मुख्य गर्भगृह में मुख्य पुजारियों द्वारा वैदिक रीति-रिवाज और विशेष मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का अभिषेक और पूजन किया।
राष्ट्रपति मुर्मु ने देशवासियों के कल्याण, सुख-समृद्धि तथा उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। ओंकारेश्वर तीर्थ के दर्शन के पहले राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन एवं पूजन-अर्चन के उपरांत खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने भी राष्ट्रपति को नर्मदेश्वर शिवलिंग, शंख तथा भगवान ओंकारेश्वर तीर्थ का आकर्षक छायाचित्र स्मृति स्वरूप भेंट किया।
इन आध्यात्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक विरासत और आस्था की परंपरा को राष्ट्रपति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। राष्ट्रपति मुर्मु ने इस आत्मीय सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया और ओंकारेश्वर-ममलेश्वर धाम की दिव्यता तथा आध्यात्मिक वातावरण की सराहना की।
इस अवसर पर जनजाति कार्य मंत्री डॉ. विजय शाह, क्षेत्रीय विधायक नारायण पटेल, इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, आईजी अनुराग सिंह व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।











