Thursday, April 24, 2025
Homeआस्थावर्ष 2025 में होंगे दो सूर्य और दो चंद्र ग्रहण, भारत दिखेगा...

वर्ष 2025 में होंगे दो सूर्य और दो चंद्र ग्रहण, भारत दिखेगा केवल एक

उज्जैन (हि.स.)। वर्ष 2025 में दो सूर्य ग्रहण और दो चंद्र ग्रहण होंगे। चंद्र ग्रहण दोनों ही पूर्ण होंगे वहीं सूर्य ग्रहण दोनों ही आंशिक होंगे। केवल तीसरा ग्रहण जोकि चंद्र ग्रहण होगा, भारत में दिखाई देगा। इसका प्रारंभ 7 सितंबर को और मोक्ष 8 सितंबर को होगा। इसी का प्रभाव सूतक के रूप में माना जाएगा। यह जानकारी गुरुवार को जीवाजी वेधशाला के प्रभारी डॉ. आर.पी. गुप्त ने दी।

उन्होने बताया कि प्रथम ग्रहण 14 मार्च 2025 को होगा, जो कि पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा। भारतीय समयानुसार यह प्रात: 10.39.03 बजे से प्रारंभ होगा। मध्य स्थिति दोपहर 12.29.09 बजे रहेगी। वहीं मोक्ष की स्थिति मध्यान्ह 02.18.02 बजे होगी। भारत में दिन होने के कारण यह ग्रहण नहीं दिखाई देगा।

वहीं द्वितीय ग्रहण 29 मार्च 2025 को होगा, जो कि आंशिक सूर्य ग्रहण होगा। भारतीय समय के अनुसार यह दोपहर 02.20.08 बजे से प्रारंभ होगा। मध्य की स्थिति अपरांह 04.17.04 बजे होगी। इस समय सूरज का 93.8 प्रतिशत हिस्सा ढंका हुआ होगा। मोक्ष की स्थिति सायं 06.13.06 बजे होगी। यह ग्रहण भी भारत में दृश्य नहीं होगा।

तीसरा ग्रहण 7-8 सितंबर 2025 को होगा, जो कि पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा। भारतीय समय के अनुसार इसका प्रारंभ 7 सितंबर को रात्रि 09.56.08 बजे होगा। मध्य की स्थिति देर रात्रि 11.41.08 बजे होगी। मोक्ष की स्थिति 8 सितंबर को मध्य रात्रि 01.26.08 बजे होगी। यह ग्रहण भारत में दिखाई देगा।

वर्ष 2025 का अंतिम एवं चौथा ग्रहण 21-22 सितंबर 2025 को होगा,जोकि आंशिक सूर्य ग्रहण होगा। भारतीय समय के अनुसार इसका प्रारंभ 21 सितंबर को रात्रि 10.59.08 बजे से होगा। मध्य की स्थिति 22 सितंबर को मध्य रात्रि 01.11.09 बजे होगी। इस समय सूर्य का 85.5 प्रतिशत हिस्सा ढंका होगा। मोक्ष की स्थिति अपर रात्रि 03.23.06 बजे होगी। यह सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा।

Related Articles

Latest News

Notifications Powered By Aplu