Toyota भारतीय बाजार में अपनी प्रीमियम हैचबैक Glanza का फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। कंपनी इसे 14 अक्टूबर को भारतीय बाजार में पेश कर सकती है। नई Glanza को Maruti Suzuki Baleno के अपडेटेड मॉडल के आधार पर तैयार किया जा रहा है, ऐसे में इसके डिजाइन, फीचर्स और मैकेनिकल सेटअप में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
मौजूदा Toyota Glanza की एक्स-शोरूम कीमत 6.73 लाख रुपये से शुरू होकर 9.99 लाख रुपये तक जाती है। नए फीचर्स और इंजन अपडेट के चलते फेसलिफ्ट मॉडल की कीमत में मामूली बढ़ोतरी की संभावना है। अनुमान के मुताबिक इसकी शुरुआती कीमत करीब 7 लाख रुपये से शुरू होकर 10.5 लाख रुपये तक जा सकती है।
लुक में आएगा नया स्टाइलिंग टच
नई Glanza Facelift के एक्सटीरियर में कई छोटे-बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। कार के फ्रंट में नया ग्रिल डिजाइन और अपडेटेड बंपर मिलने की उम्मीद है। हेडलैंप और बूमरैंग शेप वाले LED DRL का डिजाइन मौजूदा मॉडल से काफी हद तक मिलता-जुलता रह सकता है।
रियर सेक्शन में भी बंपर को नया डिजाइन मिलने की संभावना है। हालांकि Glanza का प्लेटफॉर्म और बेसिक डिजाइन Baleno से जुड़ा रहेगा, लेकिन Toyota अपनी अलग ग्रिल, बैजिंग और कुछ स्टाइलिंग एलिमेंट्स के जरिए इसे अलग पहचान देने की कोशिश करेगी।
केबिन में मिल सकते हैं ज्यादा प्रीमियम फीचर्स
इंटीरियर की बात करें तो नई Glanza का बेसिक डैशबोर्ड लेआउट मौजूदा मॉडल जैसा रहने की उम्मीद है। हालांकि केबिन को ज्यादा प्रीमियम बनाने के लिए नई अपहोल्स्ट्री, बेहतर फिनिशिंग और कुछ नए फीचर्स जोड़े जा सकते हैं। इनमें वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स खास आकर्षण हो सकती हैं।
इसके अलावा वेंटिलेटेड वायरलेस चार्जर जैसी सुविधा भी मिल सकती है। मौजूदा 9 इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, हेड-अप डिस्प्ले, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, 360 डिग्री कैमरा और कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी जैसे फीचर्स आगे भी मिल सकते हैं।
ADAS से बढ़ेगी सेफ्टी
नई Glanza Facelift में सबसे खास अपडेट सेफ्टी से जुड़ा हो सकता है। इसमें Level-2 ADAS यानी एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम दिए जाने की उम्मीद है। इसके जरिए कार ड्राइविंग के दौरान कई तरह की सहायता उपलब्ध करा सकती है। इसके अलावा टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम यानी TPMS भी मिलने की संभावना है।
मौजूदा सेफ्टी फीचर्स में 6 एयरबैग, ABS, EBD, ESP और हिल होल्ड जैसे फीचर्स शामिल हैं। वहीं सनरूफ और फुल डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलने की संभावना कम बताई जा रही है, क्योंकि Baleno में भी इन फीचर्स को शामिल नहीं किया गया है।
नया 3-सिलेंडर इंजन बदल देगा पूरा खेल
नई Glanza में सबसे बड़ा मैकेनिकल बदलाव इंजन के स्तर पर देखने को मिल सकता है। मौजूदा 1.2 लीटर 4-सिलेंडर पेट्रोल इंजन की जगह नया Z12E 1.2 लीटर 3-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है। यह इंजन करीब 83 bhp की पावर और 112 Nm का टॉर्क जनरेट कर सकता है।
ट्रांसमिशन विकल्पों में 5-स्पीड मैनुअल और AMT गियरबॉक्स शामिल रहने की उम्मीद है। CNG वेरिएंट को भी जारी रखा जा सकता है, जिसमें करीब 70 bhp की पावर और मैनुअल गियरबॉक्स मिलने की संभावना है।
माइलेज में हो सकता है बड़ा फायदा
नई पावरट्रेन का सबसे बड़ा फायदा माइलेज के रूप में देखने को मिल सकता है। Baleno Facelift के आंकड़ों के आधार पर नई Glanza के पेट्रोल मैनुअल वेरिएंट से करीब 23.80 kmpl और AMT वेरिएंट से करीब 24.77 kmpl माइलेज मिलने की उम्मीद है। वहीं CNG मॉडल करीब 33.61 km/kg का माइलेज दे सकता है। हालांकि आधिकारिक आंकड़े लॉन्च के समय ही सामने आएंगे।
नई Glanza का प्रदर्शन रोजमर्रा के शहर के इस्तेमाल के लिए पर्याप्त रहने की उम्मीद है, लेकिन इंजन की पावर कम होने के कारण हाईवे पर पुराने मॉडल की तुलना में थोड़ा अंतर महसूस हो सकता है। कुल मिलाकर Toyota Glanza Facelift में नया इंजन, बेहतर माइलेज, एडवांस सेफ्टी और नए फीचर्स का कॉम्बिनेशन देखने को मिलेगा। लॉन्च के बाद इसका मुकाबला Maruti Baleno, Tata Altroz और Hyundai i20 जैसी कारों से होगा।










