Monday, August 31, 2026
HomeबॉलीवुडBox Office : 'हनुमान अंश' ने मचाया तहलका, 24वें दिन बड़े-बड़े रिकॉर्ड...

Box Office : ‘हनुमान अंश’ ने मचाया तहलका, 24वें दिन बड़े-बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त, 1906% प्रॉफिट

भारतीय बॉक्स ऑफिस पर जहां यश की ‘टॉक्सिक’ रिलीज के महज पांच दिनों में संघर्ष करती नजर आ रही है, वहीं इमरान हाशमी की ‘अवारापन 2’ भी 17 दिन बाद करोड़ों की कमाई के लिए जूझ रही है। इन फिल्मों के बीच नीम करौली बाबा के जीवन पर बनी ‘हनुमान अंश’ ने अपनी शानदार बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस से सभी को चौंका दिया है। महज ₹10 लाख की ओपनिंग और पहले दो हफ्तों में बेहद धीमी कमाई के बाद फिल्म ने तीसरे हफ्ते से रफ्तार पकड़ी और अब यह एक स्लीपर हिट के तौर पर उभर रही है। रिलीज के 24वें दिन यानी रविवार को ‘हनुमान अंश’ ने ‘अवारापन 2’ से करीब 12 गुना ज्यादा कारोबार किया। इतना ही नहीं, चौथे रविवार की कमाई के मामले में इसने ‘स्त्री 2’, ‘छावा’ और ‘जवान’ जैसी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है।

विशाल चतुर्वेदी के लेखन और निर्देशन में बनी ‘हनुमान अंश’ एक हिंदी भक्ति-ड्रामा फिल्म है, जो नीम करौली बाबा यानी महाराज-जी के जीवन पर आधारित है। करीब ₹2 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 24 दिनों में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर ₹40.13 करोड़ का नेट कलेक्शन और ₹47.33 करोड़ का ग्रॉस कारोबार कर लिया है। इस तरह फिल्म ने अपनी लागत के मुकाबले करीब 1906.50% अधिक कमाई दर्ज की है, जो इसके बजट की तुलना में बेहद शानदार बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन को दर्शाता है।

‘हनुमान अंश’ ने लगाई ऊंची छलांग

रिलीज के बाद अपने चौथे रविवार को इस फिल्‍म ने एक नई ऊंचाई हासिल की है। 24वें दिन ‘हुनमान अंश’ ने अपनी अब तक की सबसे लंबी छलांग लगाई है और भारत में ₹12.75 करोड़ का नेट कलेक्‍शन किया है। ओपनिंग डे पर सिर्फ ₹10 लाख की तुलना में यह 12650% की बढ़त है। अपने चौथे वीकेंड में ही इसने ₹28.25 करोड़ का नेट बिजनस किया है, जिसमें शुक्रवार को ₹6.25 करोड़, शनिवार को ₹9.25 करोड़ की कमाई शामिल है।

‘हनुमान अंश’ की बॉक्‍स ऑफिस पर कैसे बढ़ी कमाई

‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस कमाई पर नजर डालें तो फिल्म ने पहले हफ्ते में ₹1.08 करोड़ और दूसरे हफ्ते में ₹40 लाख का नेट कलेक्शन किया। हालांकि, तीसरे हफ्ते से फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला और इसने ₹10.40 करोड़ का कारोबार किया। इसके बाद चौथे हफ्ते में भी फिल्म की रफ्तार थमती नजर नहीं आई। रिलीज के 22वें दिन शुक्रवार को ₹6.25 करोड़, 23वें दिन शनिवार को ₹9.25 करोड़ और 24वें दिन रविवार को ₹12.75 करोड़ का नेट कलेक्शन करते हुए फिल्म ने कुल ₹28.25 करोड़ की शानदार कमाई दर्ज की।

चौथे रविवार को तीसरी सबसे अध‍िक कमाई करने वाली बॉलीवुड फ‍िल्‍म

मजेदार बात यह है कि देश में अपने चौथे रव‍िवार को सबसे अध‍िक कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्‍मों में अब ‘हनुमान अंश’ तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। इससे ऊपर पहले नंबर पर ‘धुरंधर’ (₹22.50 करोड़) और दूसरे नंबर पर ‘धुरंधर 2’ (₹14.50 करोड़) है। इस धार्मिक फिल्‍म ने लिस्‍ट में ‘स्‍त्री 2’ (₹11.00 करोड़), ‘छावा’ (₹10.75 करोड़) और ‘जवान’ (₹9.37 करोड़) को तगड़ी पटखनी दी है।

चौथे रविवार को सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्मों की सूची में ‘धुरंधर’ ₹22.50 करोड़ के साथ पहले नंबर पर है, जबकि ‘धुरंधर 2’ ₹14.50 करोड़ की कमाई के साथ दूसरे स्थान पर है। इसके बाद ‘हनुमान अंश’ ने ₹12.75 करोड़ का शानदार कलेक्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया है। सूची में ‘स्त्री 2’ ₹11 करोड़ के साथ चौथे, ‘छावा’ ₹10.75 करोड़ के साथ पांचवें और ‘जवान’ ₹9.37 करोड़ के साथ छठे नंबर पर है। वहीं, ‘उरी’ ने ₹8.92 करोड़, ‘गदर 2’ ने ₹7.80 करोड़, ‘तान्हाजी’ ने ₹6.28 करोड़ और ‘दृश्यम 2’ ने ₹6.16 करोड़ का कारोबार किया।

‘आवारापन 2’ से अध‍िक शोज में दिखाई जा रही ‘हनुमान अंश’

एक दिलचस्‍प बात यह भी है कि ‘हनुमान अंश’ को लेकर दर्शकों के बदले रुझान को देखते हुए सिनेमाघरों में इसके शोज भी जबरदस्‍त तरीके से बढ़ाए गए हैं। रिलीज के 15वें दिन तक जहां यह फिल्‍म 133 शोज में दिखाई जा रही थी, वहीं अब 24वें दिन इसके 5,363 शोज दिखाए गए। यह ‘आवारापन 2’ से भी अध‍िक है, जिसे रविवार को 1,152 शोज मिले।

‘हनुमान अंश’ की कास्‍ट

कैंची धाम स्थित नीम करौली बाबा के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ का निर्माण स्वयंभू मीडिया नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड, रागिनी एस., नम्रता जी. एस. और अनुप्रिया ए. नागर ने किया है। फिल्म में चंदन आनंद और शोभिनव सत्या मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं, जबकि निखिल दुबे, उदयसिंह राजपूत, पूर्णिमा तिवारी और मनीष चौधरी भी अहम किरदारों में हैं। ‘हनुमान अंश’ का लेखन और निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। खास बात यह है कि फिल्ममेकर बनने से पहले विशाल चतुर्वेदी डॉक्टर के तौर पर काम कर चुके हैं, लेकिन अब उन्होंने सिनेमा के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है।

Related Articles

Latest News