Thursday, April 30, 2026
Homeबॉलीवुडवाराणसी पहुंचीं जैकलीन फर्नांडिस, जुबां पर 'हर-हर महादेव' का जप....

वाराणसी पहुंचीं जैकलीन फर्नांडिस, जुबां पर ‘हर-हर महादेव’ का जप….

वाराणसी. बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस रविवार को भगवान शिव की नगरी काशी पहुंचीं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस घेरे के बीच उन्होंने बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन किए। चेहरे पर मास्क लगाए जैकलीन एक आम श्रद्धालु की तरह मंदिर परिसर में पहुंचीं और गर्भगृह में विधि-विधान से पूजन व अभिषेक किया।

त्रिपुंड और रुद्राक्ष में दिखीं शिवभक्ति में लीन

दर्शन के बाद जैकलीन के माथे पर त्रिपुंड और गले में रुद्राक्ष की माला नजर आई। मंदिर परिसर में उन्होंने ‘हर-हर महादेव’ का जयघोष किया, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो गया। जैकलीन पूरी तरह शिवभक्ति के रंग में रमी दिखाई दीं।

मंदिर परिसर में किया ध्यान, भक्तों को किया अभिवादन

मुख्य अर्चकों की देखरेख में पूजन-अभिषेक के बाद जैकलीन ने मंदिर परिसर में कुछ समय ध्यान भी लगाया। बाहर निकलते समय उन्होंने प्रशंसकों का अभिवादन भी ‘हर-हर महादेव’ कहकर किया।

पहचान होते ही उमड़ी प्रशंसकों की भीड़

शुरुआत में मास्क और सुरक्षा घेरे के कारण आम लोग जैकलीन को पहचान नहीं पाए, लेकिन जैसे ही उनकी पहचान सामने आई, मंदिर परिसर से लेकर सड़क तक प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। फैंस उनकी एक झलक पाने और तस्वीरें लेने को उत्सुक दिखे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

जैकलीन बोलीं—काशी मेरी कल्पना से भी अधिक दिव्य

दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में जैकलीन फर्नांडिस ने कहा,
“मैंने काशी के बारे में जैसा सुना था, यह शहर और बाबा का धाम उससे कहीं अधिक सुंदर और दिव्य है। यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा ने मुझे भीतर से सुकून दिया है।”

घाटों की सुंदरता भी निहारी

मंदिर दर्शन के बाद जैकलीन ने काशी के प्रसिद्ध घाटों की सुंदरता का भी अवलोकन किया और वहां के आध्यात्मिक वातावरण की सराहना की।

फिल्मी सफर और पृष्ठभूमि

श्रीलंकाई मूल की जैकलीन फर्नांडिस ने वर्ष 2006 में ‘मिस श्रीलंका यूनिवर्स’ का खिताब जीता था। उन्होंने 2009 में फिल्म ‘अलादीन’ से बॉलीवुड में कदम रखा और 2011 में ‘मर्डर 2’ से बड़ी पहचान हासिल की। ऑस्ट्रेलिया से मास मीडिया में स्नातक जैकलीन आज बॉलीवुड की प्रमुख अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं, हालांकि हाल के वर्षों में वह सुकेश चंद्रशेखर मामले को लेकर भी चर्चा में रही हैं।

Related Articles

Latest News