Wednesday, May 1, 2024
Homeआस्थाज्योतिषबुद्ध गोचर: बुद्ध के कुंभ राशि में प्रवेश से क्या होगा परिवर्तन,...

बुद्ध गोचर: बुद्ध के कुंभ राशि में प्रवेश से क्या होगा परिवर्तन, पढ़ें 27 फरवरी से 5 मार्च 2023 तक का साप्ताहिक राशिफल

ज्योतिषाचार्य पं अनिल कुमार पाण्डेय
प्रश्न कुंडली एवं वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ
साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया
सागर, मध्य प्रदेश- 470004
व्हाट्सएप- 8959594400

सोमवार 27 फरवरी से रविवार 5 मार्च 2023 अर्थात विक्रम संवत 2079 शक संवत 1944 फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी से फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तक के सप्ताह का साप्ताहिक राशिफल। इस सप्ताह चंद्रमा प्रारंभ में वृष राशि का रहेगा। उसके उपरांत मिथुन और कर्क राशि से होता हुआ 5 मार्च को रात 9:56 बजे से सिंह राशि में गोचर करेगा। इस पूरे सप्ताह सूर्य और शनि कुंभ राशि में तथा गुरु और शुक्र मीन राशि में रहेंगे। मंगल वृष राशि में तथा राहु मेष राशि में रहेंगे। इस सप्ताह बुद्ध प्रारंभ में मकर राशि में रहेगा तथा 27 तारीख को सायंकाल 5:26 बजे से कुंभ राशि में प्रवेश करेगा।

मेष राशि

इस सप्ताह आपको कचहरी के कार्यों में अच्छी सफलता मिल सकती है। आपका और आपके जीवन साथी का स्वास्थ्य पहले जैसा ही रहेगा। संतान के साथ आपके संबंध ठीक-ठाक रहेंगे। छोटी मोटी दुर्घटना हो सकती है। थोड़ा बहुत धन आ सकता है। भाग्य अच्छा कार्य करेगा। इस सप्ताह आपके लिए 3, 4 और 5 मार्च उत्तम और फलदायक हैं। आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह काले कुत्ते को रोटी खिलाएं। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।

वृष राशि

इस सप्ताह आपको कचहरी के कार्यों में सफलता मिल सकती है। धन आने का उत्तम योग है। कार्यालय में आपकी स्थिति ठीक-ठाक रहेगी। पिताजी और माताजी का स्वास्थ्य नरम गरम रहेगा। इस सप्ताह आपकी संतान आपका सहयोग कम करेगी। इस सप्ताह आपके लिए 27 और 28 फरवरी उत्तम और लाभदायक है। 27 और 28 फरवरी को आप द्वारा किए गए सभी कार्य सफल होंगे। आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह मंगलवार का व्रत करें और मंगलवार को ही हनुमान जी के मंदिर में जाकर कम से कम 3 बार हनुमान चालीसा का पाठ करें। सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है।

मिथुन राशि

राज्य से आपको इस सप्ताह काफी मदद मिलेगी। अगर आप कहीं अधिकारी या कर्मचारी हैं तो आपको अपने कार्यालय में सफलताएं मिलेंगी। मित्रों का साथ मिलेगा। भाग्य भी आपका साथ देगा। धन आने का योग कम है। कचहरी के कार्यों में असफलता हो सकती है। भाइयों और बहनों से मनमुटाव होगा। इस सप्ताह आपके लिए 1 और 2 मार्च उत्तम और लाभदायक है। 27 और 28 मार्च को आपको सतर्क रहकर कार्य करना चाहिए। सावधान रहकर कार्य करें। आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह प्रातःकाल स्नान करने के उपरांत तांबे के पात्र में जल अक्षत और लालपुष्प डालकर सूर्य देव को सूर्य मंत्रों के साथ में जल अर्पण करें। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।

कर्क राशि

इस सप्ताह आपका भाग्य अत्यंत तेजी से कार्य करेगा। आपको चाहिए कि आप भाग्य के कारण रुके हुए समस्त कार्यों को करने का प्रयास करें। सफलताएं मिलेंगी। छोटी मोटी दुर्घटना का योग है। कार्यालय में आपकी अपने बॉस से लड़ाई हो सकती है। इस सप्ताह आपके लिए 3, 4 और 5 मार्च अत्यंत उपयुक्त हैं। इन तारीखों में आपको हर कार्य में सफलता मिलेगी। 1 और 2 मार्च को आपको सचेत रहकर कार्य करना चाहिए। आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह राहु की शांति का उपाय करवाएं। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।

सिंह राशि

इस सप्ताह आपका स्वास्थ्य थोड़ा नरम गरम रहेगा। जीवन साथी के स्वास्थ्य में भी खराबी आ सकती है। आपके पिताजी का स्वास्थ्य भी थोड़ा खराब रहेगा। आपका धन व्यय होगा, जिससे आपके सुख में वृद्धि हो सकती है। इस सप्ताह आपके लिए 27 और 28 फरवरी फलदायक है। 27 और 28 फरवरी को आपके सभी कार्य संपन्न होंगे। 3, 4 और 5 मार्च को आपको सावधान रहकर कार्य करना चाहिए। आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह प्रतिदिन भगवान शिव का अभिषेक करें तथा रुद्राष्टक का पाठ भी करें। सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है।

कन्या राशि

इस सप्ताह आपका स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। आपके जीवनसाथी के लिए यह सप्ताह  उत्तम है। भाग्य कम साथ देगा। आपके शत्रु दबे रहेंगे। दुर्घटनाओं से बचने का प्रयास करें। इस सप्ताह आपके लिए 1 और 2 मार्च लाभदायक है। आपके कई काम 1 और 2 मार्च को संपन्न हो जाएंगे। सप्ताह के बाकी दिन भी ठीक हैं। आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह किसी मंदिर में जाकर गरीब लोगों के बीच में चावल का दान दें। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।

तुला राशि

इस सप्ताह आपका स्वास्थ्य सामान्य तौर पर ठीक रहेगा। आपको अपने बच्चों से बहुत अच्छा सहयोग प्राप्त होगा। छात्रों की पढ़ाई उत्तम चलेगी। आपके शत्रु दबे रहेंगे। छोटे-मोटे दुर्घटना का योग है। कार्यालय में आपकी स्थिति मजबूत रहेगी।  पिताजी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा। इस सप्ताह आपके लिए 3, 4 और 5 मार्च बहुत अच्छे हैं। आपको 3, 4 और 5 मार्च को कई सफलताएं मिल सकती हैं। आपको 27 और 28 फरवरी को सतर्क रह कर कोई कार्य करना चाहिए। आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह गणेश अथर्वशीर्ष का प्रतिदिन पाठ करें। सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है।

वृश्चिक राशि

इस सप्ताह आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा। शत्रुओं से किसी प्रकार की डरने की आवश्यकता नहीं है। आपके संतान को लाभ होगा। संतान का आपको अच्छा सहयोग प्राप्त होगा। आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य खराब हो सकता है। आपके सुख में भी कमी आएगी। माताजी का स्वास्थ्य खराब हो सकता है। इस सप्ताह आपके लिए 27 और 28 फरवरी उत्तम और लाभदायक हैं। 1 और 2 मार्च को आपको सतर्क रहकर कार्य करना चाहिए। 3 ,4 और 5 मार्च को आपका भाग्य आपके साथ अच्छा सहयोग करेगा। आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह राम रक्षा स्त्रोत का जाप करें। सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है।

धनु राशि

इस सप्ताह निश्चित रूप से आपके सुख में वृद्धि होगी। आप सुखदायक कोई अच्छी वस्तु खरीद सकते हैं। भाई बहनों के साथ ठीक-ठाक सहयोग रहेगा। एक भाई से थोड़ी अनबन हो सकती है। भाग्य आपका साथ देगा, मगर थोड़ा कम। आपके प्रयासों से आपके शत्रु परास्त हो सकते हैं। आपके संतान को कष्ट हो सकता है। इस सप्ताह आपके लिए 1 और 2 मार्च उत्तम और लाभदायक है। सप्ताह के बाकी दिनों में आपको सावधान रहकर कार्य करना चाहिए। आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह रुद्राष्टक का प्रतिदिन पाठ करें। सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है।

मकर राशि

इस सप्ताह आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा। आपके जीवनसाथी का भी स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। भाई बहनों के साथ उत्तम संबंध रहेंगे। आपके संतान को थोड़ा कष्ट हो सकता है। छात्रों को पढ़ाई में बाधा आएगी। आपके पास धन आने का योग है। परंतु आपको परिश्रम करना पड़ेगा। इस सप्ताह आपके लिए तीन चार और 5 मार्च उत्तम है। 1 और 2 मार्च को सतर्क रहकर कार्य करें। अतः आपको कार्य करने के पहले और कार्य के दौरान पूरी सावधानी रखना चाहिए। आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह आदित्य हृदय स्त्रोत का  प्रतिदिन पाठ करें। सप्ताह का शुभ दिन शनिवार है।

कुंभ राशि

इस सप्ताह आपके पास धन आने का उत्तम योग है। आपको इस सप्ताह थोड़ा बहुत  शारीरिक कष्ट हो सकता है। भाग्य इस सप्ताह आपका साथ देगा। माताजी को शारीरिक कष्ट होने की संभावना है। व्यापार में उन्नति होगी। 27 और 28 फरवरी को अगर आप प्रयास करेंगे तो आप सभी कार्यों को उचित ढंग से सफलतापूर्वक कर सकते हैं। 3, 4 और 5 मार्च को आपको कार्यों को करने में काफी सावधानी रखना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन विष्णु सहस्त्रनाम का जाप करें और शनिवार के दिन पीपल के पेड़ के नीचे दीपक जलाएं। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।

मीन राशि

यह सप्ताह आपके लिए उत्तम है। आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा। आपके वैवाहिक संबंधों में कोई व्यक्ति बाधा खड़ी कर सकता है। इस सप्ताह भाग्य आपका उत्तम रूप से साथ देगा। कार्यालय में आपका टकराव हो सकता है। माता और पिता जी के स्वास्थ्य में थोड़ी खराबी आ सकती है। इस सप्ताह आपके लिए एक और 2 मार्च लाभदायक है। सप्ताह के बाकी दिन भी ठीक हैं। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन कम से कम 3 बार हनुमान चालीसा का जाप करें। सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है।

टॉप न्यूज