Friday, May 3, 2024
Homeआस्थाज्योतिषसाप्ताहिक राशिफल- 4 से 10 मार्च 2024: मीन राशि में वक्री रहेगा...

साप्ताहिक राशिफल- 4 से 10 मार्च 2024: मीन राशि में वक्री रहेगा राहु, जानें क्या पड़ेगा आप पर प्रभाव

ज्योतिषाचार्य पं अनिल कुमार पाण्डेय
प्रश्न कुंडली एवं वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ
व्हाट्सएप- 8959594400

सोमवार 4 मार्च से रविवार 10 मार्च 2024 अर्थात विक्रम संवत 2080 शक संवत 1945 फाल्गुन कृष्ण पक्ष की अष्टमी से फाल्गुन कृष्ण पक्ष की अमावस्या तक के सप्ताह का साप्ताहिक राशिफल।

इस सप्ताह प्रारंभ में चंद्रमा वृश्चिक राशि में रहेगा। 4 तारीख को 11:37 बजे दिन से धनु राशि में प्रवेश करेगा। चंद्रमा 4:29 बजे शाम से मकर राशि में गोचर करेंगे। उसके उपरांत 8 मार्च को 7:45 बजे रात से वह कुंभ राशि का हो जाएगा। 10 मार्च को 10:05 बजे रात से मीन राशि में चंद्रमा प्रवेश करेगा।

सूर्य और शनि इस पूरे सप्ताह कुंभ राशि में रहेंगे। इस सप्ताह गुरु मेष राशि में, मंगल मकर राशि में रहेगा। बुद्ध प्रारंभ में कुंभ राशि में रहेगा। वह 7 तारीख को 9:10 बजे दिन से मीन राशि में प्रवेश करेगा। शुक्र प्रारंभ में मेष राशि में रहेगा। 7 तारीख को 11:09 बजे दिन से कुंभ राशि का हो जाएगा। राहु वक्री होकर मीन राशि में पूरे सप्ताह गोचर करेगा।

इस सप्ताह 8 मार्च को सूर्योदय से 8:28 बजे दिन तक सर्वार्थ सिद्ध योग रहेगा।

मेष राशि

यह सप्ताह स्वास्थ्य की दृष्टि से आपके लिए उत्तम है। कचहरी के कार्यों में 7 मार्च के उपरांत सफलता की संभावना हो सकती है। अगर आपके ऊपर ऋण है तो 7 मार्च के उपरांत उसमें कमी आ सकती है। धन के चक्कर में आप परिवार से अलग हो सकते हैं अर्थात धन प्राप्त करने के लिए आपको दूर देश की यात्रा करनी पड़ सकती है। कोई धार्मिक यात्रा भी कर सकते हैं। कार्यालय में आपकी प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। पिताजी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। माता जी के स्वास्थ्य में बाधा है। इस सप्ताह आपके लिए 7 और 8 मार्च उत्तम है। सप्ताह के बाकी दिन भी ठीक-ठाक हैं। सफलता प्राप्त करने के लिए आपको 7 और 8 मार्च को अपने कार्यों को संपन्न करना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप माता जी के स्वास्थ्य के लिए हर मंगलवार हनुमान जी के मंदिर में जाकर कम से कम तीन बार हनुमान चालीसा का जाप करें। सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है।

वृष राशि

इस सप्ताह आपका और आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। आपके खर्चों में वृद्धि संभव है। आप अगर आप नौकरी में हैं तो दो-तीन माह में आपका स्थानांतरण हो सकता है।  धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। व्यापार में उन्नति होगी। आपके मान सम्मान में वृद्धि हो सकती है।  परिवार में खुशियां आ सकती हैं। मानसिक शांति में वृद्धि होगी। भाग्य आपका साथ देगा। इस सप्ताह आपके लिए 9 और 10 मार्च अनुकूल है। सप्ताह के बाकी दिनों में आपको सावधानीपूर्वक कार्य करना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन आदित्य हृदय स्त्रोत का पाठ करें सप्ताह का शुभ दिन शनिवार है।

मिथुन राशि

इस सप्ताह आपका और आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य उत्तम रहना चाहिए। धन आने की संभावना है। आपके परिवार में धार्मिक कार्य होगा। आप साधु संन्यासियों के संपर्क में आ सकते हैं। धार्मिक कार्यों में आपकी रुचि में वृद्धि होगी। भाग्य आपका साथ देगा। मानसिक शांति प्राप्त होगी। इस सप्ताह आपको दुर्घटनाओं से बचने का प्रयास करना चाहिए। इस सप्ताह आपके लिए चार-पांच और 6 तारीख उत्तम है। 7 और 8 मार्च को आपको सावधान रहकर कोई कार्य करना चाहिए इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन स्नान की उपरांत एक तांबे के पात्र में जल अक्षत और लाल पुष्प लेकर भगवान सूर्य को अर्पण करें। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।

कर्क राशि

यह सप्ताह आपके जीवनसाथी के लिए उत्तम है। आपका स्वास्थ्य थोड़ा खराब हो सकता है। आपको ब्लड प्रेशर या डायबिटीज की बीमारी बढ़ सकती है। कार्यालय में आपकी प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। भाग्य आपका कम साथ देगा। आपको अपनी मेहनत से ही सब कुछ प्राप्त करना है। अगर चंद्र राशि यह राशिफल पढ़ रहे हैं तो वर्तमान में आप पर शनि की अढ़ैया चल रही है। इससे हो रहे नुकसान में कमी आएगी। व्यापार में परेशानी हो सकती है। मित्रों और रिश्तेदारों से कुछ परेशानी आपको हो सकती है। इस सप्ताह आपके लिए सात और आठ तारीख अनुकूल है। इस सप्ताह के बाकी दिनों में आपको सावधान रहकर के ही कोई कार्य करना चाहिए। आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह भगवान शंकर की विशेष रूप से पूजा करें। सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है।

सिंह राशि

इस सप्ताह आपको भाग्य से अच्छी मदद मिलने की उम्मीद है। दुर्घटनाओं से आपको सावधान रहना चाहिए। लाभ प्राप्त करने में बाधा होगी। आपकी मानसिक स्थिति अच्छी रहेगी। व्यापार में उन्नति होगी। जीवन साथी के स्वास्थ्य में थोड़ी परेशानी आ सकती है। रिश्तेदारों और पार्टनर से आपको परेशानी हो सकती है। भाई बहनों से संबंध ठीक रहेगा। इस सप्ताह आपके लिए 9 और 10 मार्च किसी भी कार्य को करने के लिए फलदायक हैं। 7 और 8 मार्च को आपको सावधान रहकर कोई कार्य करना चाहिए। 4 मार्च को प्रातःकाल के समय आपको थोड़ा कष्ट हो सकता है। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप शनि मंदिर में जाकर पूजा अर्चना करें। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।

कन्या राशि

यह सप्ताह आपके संतान के लिए उत्तम है। उनके प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। आपकी संतान आपका अच्छा सहयोग भी करेगी। छात्रों की पढ़ाई उत्तम चलेगी। आपके जीवनसाथी को थोड़ी परेशानी हो सकती है। गुप्त शत्रुओं की संख्या में वृद्धि होगी। परिचितों के साथ मतैक्य नहीं हो पाएगा। व्यापार में भी थोड़ी परेशानी हो सकती है। इस सप्ताह आपके लिए चार-पांच और 6 तारीख उत्तम है। 9 और 10 तारीख को आपको सावधान रहकर कोई कार्य करना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन गाय को हरा चारा खिलाएं। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।

तुला राशि

इस सप्ताह आपके जीवनसाथी और माता जी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। पिताजी और आपके स्वास्थ्य में थोड़ी परेशानी आ सकती है। छात्रों की पढ़ाई में पड़ रही बाधा दूर होगी। संतान अगर कष्ट में है तो उसमें कमी आएगी। धार्मिक साहित्य पढ़ने में रुचि होगी। संतान से किसी तरह की सहायता की उम्मीद ना करें। इस सप्ताह भाग्य आपका सामान्य रूप से कार्य करेगा। इस सप्ताह 7 और 8 मार्च परिणामदायक हैं। सप्ताह के बाकी दिन ठीक-ठाक हैं। आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह प्रतिदिन रुद्राष्टक का पाठ करें। सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है।

वृश्चिक राशि

आपका और आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा। पिताजी का स्वास्थ्य भी ठीक रहेगा। अगर आप अपना राशिफल चंद्र राशि से देख रहे हैं तो आप पर शनि की साधारण अढ़ैया चल रही है। सुख के मात्रा में थोड़ी वृद्धि होगी। माता जी का स्वास्थ्य अगर खराब है तो थोड़ा ठीक होगा। जनता में आपकी प्रतिष्ठा अगर खराब हो गई है तो खराबी में थोड़ी कमी आएगी। इस सप्ताह आपके लिए 9 और 10 मार्च लाभदायक है। सप्ताह के बाकी दिन भी ठीक-ठाक हैं। 4 मार्च के प्रातःकाल आपको शारीरिक कष्ट हो सकता है। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप शिव पंचाक्षर मंत्र का जाप करें। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।

धनु राशि

इस सप्ताह आपके पास धन आने का संयोग बनेगा। आपका और आपके जीवन साथी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा। माता और पिताजी में से एक का स्वास्थ्य खराब हो सकता है। भाइयों और बहनों के साथ संबंधों में थोड़ा तनाव हो सकता है। इस तनाव के कारण आपको मानसिक तनाव भी होगा। रिश्तेदारों पर कम भरोसा करें। इस सप्ताह आपको अपने संतान से सहयोग प्राप्त होगा। छात्रों की पढ़ाई भी उत्तम चलेगी। इस सप्ताह आपके लिए 4, 5 और 6 तारीख उत्तम है। सप्ताह के बाकी दिन भी ठीक-ठाक है। आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह भगवान शिव की आराधना करें। सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है।

मकर राशि

इस सप्ताह आपका स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। अगर आप अविवाहित हैं तो विवाह के उत्तम प्रस्ताव आ सकते हैं। आपके जीवनसाथी के स्वास्थ्य में थोड़ी परेशानी हो सकती है। अगर आप चंद्र कुंडली से राशिफल देख रहे हैं तो आप पर शनि की साढ़ेसाती की अंतिम अढ़ैया चल रही है। शनि की साढ़ेसाती से आपको जो भी परेशानी हो रही है उसमें थोड़ी कमी आएगी। इस समय हो सकता है कि आपको धन हानि हो रही हो, उसमें कमी होगी। अपने आंख का विशेष रूप से ध्यान दें। इस सप्ताह आपके लिए 7 और 8 मार्च उत्तम और लाभदायक है। 4, 5 और 6 मार्च को आपको सतर्क रहना चाहिए। आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह शनिवार को दक्षिणमुखी हनुमान जी के मंदिर में जाकर कम से कम पांच बार हनुमान चालीसा का जाप करें। सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है। 

कुंभ राशि

कचहरी के कार्यों में इस सप्ताह आपको विजय प्राप्त हो सकती है। भाई बहनों के साथ संबंध अच्छे रहेंगे। इस वर्ष एक आंख में आपको समस्या हो सकती है। कृपया आंख का चेकअप लगातार कराते रहें। इस सप्ताह आपको अपने शत्रुओं से सावधान रहना चाहिए। अगर आप चंद्र  राशि से यह राशिफल देख रहे हैं तो आपकी राशि पर शनि की साढ़ेसाती चल रही है। आपके स्वास्थ्य और सुख में कमी हो रही होगी। इस समय में आपका स्वास्थ्य थोड़ा ठीक होने लगेगा और मानसिक स्थिति ठीक होगी। इस सप्ताह आपके लिए 9 और 10 मार्च शुभ है। 7 और 8 मार्च को आपको सावधान रहना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन घर की बनी पहली रोटी गौ माता को दें। सप्ताह का शुभ दिन शनिवार है।

मीन राशि

इस सप्ताह आपको अपने व्यापार से लाभ प्राप्त हो सकता है। कचहरी के कार्यों में इस सप्ताह रिस्क ना लें। आपको एक आंख में समस्या हो सकती है। माता-पिता का स्वास्थ्य ठीक रहेगा। आपको अपनी संतान से सहयोग प्राप्त नहीं हो पाएगा। संतान को परेशानी हो सकती है। छात्रों की पढ़ाई में परेशानी आएगी। अगर आप यह राशिफल चंद्र राशि देख रहे हैं तो आप पर साढ़ेसाती चल रही है। अगर आप कर्ज में हैं तो उसमें थोड़ी कमी आएगी। मानसिक रूप से आपको थोड़ी ताकत मिलेगी। आपको चाहिए कि आप इस समय का पूरा उपयोग करें। इस सप्ताह आपके लिए 4, 5 और 6 मार्च उत्तम है। 4 तारीख की प्रातःकाल में 12 बजे तक कोई विशेष निर्णय न लें। इस सप्ताह 9 और 10 तारीख को आपको सावधान रहना चाहिए। ‌इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप राम रक्षा स्त्रोत का प्रतिदिन जाप करें। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।

टॉप न्यूज