Sunday, March 16, 2025
Homeइकोनॉमीमॉर्गन स्टेनली की रिपोर्ट: वर्ष 2028 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला...

मॉर्गन स्टेनली की रिपोर्ट: वर्ष 2028 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा भारत

नई दिल्ली (हि.स.)। ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टेनली की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि साल 2028 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन सकता है। इसके साथ ही इस रिपोर्ट में ये दावा भी किया गया है की 2026 में ही भारतीय अर्थव्यवस्था वैश्विक अर्थव्यवस्था के मामले में पांचवें स्थान से उछल कर चौथे स्थान पर पहुंच जाएगी।

मॉर्गन स्टेनली की रिपोर्ट में बताया गया है कि ग्लोबल प्रोडक्शन में भारत की हिस्सेदारी लगातार बढ़ रही है। भारत में पॉलिसी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस करने के साथ ही माइक्रो स्टेबिलिटी भी दिख रही है। इसके कारण अगले 3 साल में भारतीय अर्थव्यवस्था जर्मनी की अर्थव्यवस्था को भी पीछे छोड़ देगी और दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगी।

रिपोर्ट में बताया गया है कि साल 2026 तक भारतीय अर्थव्यवस्था के 4.70 ट्रिलियन डॉलर के स्तर तक पहुंच जाने की उम्मीद है। इससे भारतीय अर्थव्यवस्था एक पायदान ऊपर चढ़कर चौथे स्थान पर आ जाएगी। ऐसा होने पर अर्थव्यवस्था के मामले में भारत से आगे सिर्फ अमेरिका, चीन और जर्मनी की अर्थव्यवस्था रह जाएगी। भारत की अर्थव्यवस्था में जिस रफ्तार से तेजी आने की उम्मीद है, उसके आधार पर साल 2028 तक भारतीय अर्थव्यवस्था जर्मनी की अर्थव्यवस्था से भी आगे निकल जाएगी। साल 2028 तक भारत की अर्थव्यवस्था 5.70 ट्रिलियन डॉलर की हो जाएगी।

वर्ष 1990 में अर्थव्यवस्था के मामले में भारत विश्व में 12वें स्थान पर था। अगले 10 साल बाद 2000 में भारत एक पायदान नीचे खिसकर कर दुनिया की 13वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया। पिछले 10 सालों के दौरान भारत की अर्थव्यवस्था में तेजी आई, जिससे 2020 में भारत की अर्थव्यवस्था नौवें स्थान पर पहुंच गई, जबकि 2023 में भारत की अर्थव्यवस्था उछल कर पांचवें स्थान पर पहुंच गई।

रिपोर्ट के मुताबिक साल 2019 तक ग्लोबल जीडीपी में भारत की हिस्सेदारी बढ़कर 4.5 प्रतिशत हो जाने की उम्मीद है। फिलहाल ग्लोबल जीडीपी में भारत की हिस्सेदारी 3.5 प्रतिशत है। अगले दशक में ग्लोबल आउटपुट में भारत की हिस्सेदारी तेजी से बढ़ेगी। इसके पीछे रिपोर्ट में कई कारण बताए गए हैं, जिनमें भारत की आबादी में हो रही वृद्धि, लोकतंत्र की मजबूती, देश में एंटरप्रेन्योर्स की संख्या में बढ़ोतरी और बेहतर पॉलिसी तथा इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस होने की वजह से स्टेबिलिटी की बात प्रमुख है।

रिपोर्ट में भारत की अर्थव्यवस्था में अगले तीन दशक में और तेजी आने की उम्मीद जताई गयी है। अर्थव्यवस्था की तेजी के लिए रिपोर्ट में तीन स्थितियों का अनुमान लगाया गया है। पहली बेयर यानी निराशाजनक स्थिति है, जिसमें 2036 तक अर्थव्यवस्था 6.60 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने की उम्मीद है। ऐसा होने पर प्रति व्यक्ति जीडीपी 4.247 होने का अनुमान लगाया गया है।

इसी तरह दूसरी बेस यानी सामान्य स्थिति है। इस स्थिति में भारतीय अर्थव्यवस्था 2035 तक 8.80 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकती है, जबकि प्रति व्यक्ति जीडीपी 5.683 डॉलर होने का अनुमान है। इसी तरह तीसरी बुल यानी आशावादी स्थित है, जिसमें 2035 तक भारत की अर्थव्यवस्था 10.30 ट्रिलियन डॉलर तक जा सकती है। ऐसा होने पर प्रति व्यक्ति जीडीपी 6.506 डॉलर तक पहुंच सकता है।

Related Articles

Latest News

Notifications Powered By Aplu