Tuesday, September 15, 2026
Homeखास खबरअमेरिका में लगे आरोपों के बाद केन्या सरकार ने अडानी ग्रुप के...

अमेरिका में लगे आरोपों के बाद केन्या सरकार ने अडानी ग्रुप के साथ रद्द किए करार

नैरोबी (हि.स.)। भारत के उद्योगपति गौतम अडानी और सात अन्य लोगों पर अमेरिका में लगे आरोपों के बाद केन्या ने अडानी ग्रुप के साथ हुए उस समझैते को रद्द करने का आदेश दिया है, जिसमें केन्या मुख्य हवाई अड्डे का नियंत्रण भारतीय समूह को सौंपने वाला था। केन्या के राष्ट्रपति विलियम रुटो ने गुरुवार को बताया कि उन्होंने यह फैसला कंपनी के संस्थापक पर अमेरिका में अभियोग लगाए जाने के बाद किया।

राष्ट्रपति रुटो ने कहा कि उन्होंने ऊर्जा मंत्रालय के पिछले महीने अडानी ग्रुप की एक इकाई के साथ विद्युत वितरण लाइनों के निर्माण के लिए 736 मिलियन डॉलर के सार्वजनिक-निजी भागीदारी समझौते जिसकी मियाद 30 वर्ष थी, उसको भी रद्द करने का निर्देश दिया है।

केन्या के राष्ट्रपति रुटो ने अपने राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि मैंने परिवहन मंत्रालय और ऊर्जा व पेट्रोलियम मंत्रालय की एजेंसियों को तत्काल चल रही खरीद प्रक्रिया को रद्द करने का निर्देश दिया है। उन्होंने इस निर्णय का श्रेय “जांच एजेंसियों और साझेदार देशों की ओर से उपलब्ध कराई गई नई जानकारी” को दिया।

अमेरिकी अधिकारियों ने बीते बुधवार को कहा था कि दुनिया के सबसे अमीर लोगों में से एक गौतम अदाणी और सात अन्य प्रतिवादियों ने भारतीय सरकारी अधिकारियों को लगभग 265 मिलियन डॉलर की रिश्वत देने पर सहमति जताई थी। हालांकि अडानी ग्रुप ने आरोपों से इनकार किया और एक बयान में कहा कि वह “सभी संभव कानूनी उपाय” तलाशेगा।

इससे पहले ऊर्जा मंत्री ओपियो वांडायी ने कहा था कि ट्रांसमिशन लाइनों के ठेके में कोई रिश्वतखोरी या भ्रष्टाचार शामिल नहीं है।

Related Articles

Latest News