Monsoon: देश में पिछले कई दिनों से दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों में ठहरा हुआ मानसून फिर सक्रिय होकर पश्चिम और उत्तर भारत की ओर अग्रसर हो रहा है, मानसून के सक्रिय होते ही मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान देश के 15 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम सहित दक्षिण भारत के अन्य हिस्सों में भी आज हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा होगी। वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड, ओडिशा सहित पूर्वी और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भी आज मंगलवार 17 जून को अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।
इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, सिक्किम, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने बताया कि आज 17-18 जून के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना, केरल, लक्षद्वीप, कर्नाटक में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। साथ ही इन राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर गरज, बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार आज 17 से 20 जून के दौरान गुजरात, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में गरज के साथ बारिश के आसार हैं। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 21 और 22 जून को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बुधवार तक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं हिमाचल प्रदेश में भी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।








