Friday, April 24, 2026
Homeखास खबरविश्व शतरंज चैंपियन बनने पर प्रधानमंत्री मोदी ने डी. गुकेश को दी...

विश्व शतरंज चैंपियन बनने पर प्रधानमंत्री मोदी ने डी. गुकेश को दी बधाई

नई दिल्ली (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को विश्व शतरंज चैंपियनशिप जीतकर इतिहास रचने वाले 18 वर्षीय डी. गुकेश को बधाई दी है। भारत के डी. गुकेश शतरंज की दुनिया के नये और सबसे युवा विश्व चैंपियन बन गए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर गुकेश की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “ऐतिहासिक और अनुकरणीय। गुकेश डी. को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई। यह उनकी अद्वितीय प्रतिभा, कड़ी मेहनत और दृढ़ निश्चय का परिणाम है। उनकी जीत ने न केवल शतरंज के इतिहास में उनका नाम दर्ज किया है बल्कि लाखों युवा दिमागों को बड़े सपने देखने और उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया है। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएं।”

उल्लेखनीय है कि भारतीय ग्रैंडमास्टर डी. गुकेश ने गुरुवार को सिंगापुर में विश्व शतरंज चैंपियनशिप 2024 के 14वें दौर में चीन के डिंग लिरेन को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही गुकेश सबसे कम उम्र के विश्व शतरंज चैंपियन बन गए हैं।

Related Articles

Latest News