Wednesday, July 22, 2026
Homeजन-मनहोटल एण्ड रेस्टॉरेंट वेलफेयर एशोसिएशन के सहयोग से रेस्टॉरेंट संचालकों की बैठक...

होटल एण्ड रेस्टॉरेंट वेलफेयर एशोसिएशन के सहयोग से रेस्टॉरेंट संचालकों की बैठक संपन्न

जबलपुर । कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा होटल एण्ड रेस्टॉरेंट वेलफेयर एशोसिएशन के सहयोग से रेस्टॉरेंट संचालकों की बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में उपस्थित 50 से अधिक रेस्टॉरेंट संचालकों को खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी प्रदान करते हुये ग्राहकों को स्वच्छ वातावरण में बनाये गये गुणवत्तापूर्ण भोजन परोसने संबंधी निर्देश दिये गये।

आमजन में बेहतर खानपान की आदतें विकसित करने के उद्देश्य से रेस्टॉरेंट परिसर में भारतीय खाद्य संरक्षा और मानक प्राधिकरण द्वारा विकसित किये गये सारगर्भित संदेशयुक्त पोस्टर लगाये जाने हेतु रेस्टॉरेंट संचालकों ने सहमति जताई गई।

ज्ञात हो कि कलेक्टर जबलपुर के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा दिनांक 02 फरवरी को ‘रेस्टॉरेंट संचालन के दौरान खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु निर्देश जारी किये गये थे।

रितेश ढाबा, बरेला की जांच कर पनीर के नमूने लिये गये

सोशल मीडिया पर रितेश ढाबा, बरेला में फफूंदयुक्त पनीर का उपयोग करने संबंधी वायरल पोस्ट पर संज्ञान लेते हुये खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा ढाबा का निरीक्षण करते हुये उपयोग किये जा रहे पनीर तथा मावा के नमूने लिये गये।

नमूनों की जांच राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल से कराये जाने के पश्चात् ढ़ाबा संचालक के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत न्यायालयीन कार्यवाही की जायेगी।

Related Articles

Latest News