Sunday, February 15, 2026
Homeजन-मनचंद्रग्रहणः शुक्रवार को आकाश में गुलाबी लाल होकर चंद्रमा भी खेल रहा...

चंद्रग्रहणः शुक्रवार को आकाश में गुलाबी लाल होकर चंद्रमा भी खेल रहा होगा खगोलीय होली

Lunar Eclipse (हि.स.)। देशभर में शुक्रवार 14 मार्च 2025 को दोपहर में रंगों और गुलाल की लालिमा के साथ जब आप होली मना रहे होंगे, तब पश्चिमी देशों के आकाश में चमकता चंद्रमा भी लालिमा धारण कर खगोलीय होली खेल रहा सा होगा। ऐसा ऑस्ट्रेलिया, उत्तरी यूरोप, अफ्रीका, दक्षिणी अमेरिका, पूर्वी एशिया और अंटार्कटिका में पूर्ण चंद्रग्रहण की घटना के कारण हो रहा होगा। दरअसर, फाल्गुन शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा पर चंद्रग्रहण की खगोलीय घटना होने जा रही है, जो भारत में नहीं दिखेगी। इसे पश्चिमी देशों में देखा जा सकेगा।

भोपाल की नेशनल अवार्ड प्राप्‍त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने गुरुवार को इस खगोलीय घटना के बारे में बताया कि भारतीय समय के अनुसार प्रात: 9 बजकर 27 मिनिट 28 सेकंड पर उपछाया ग्रहण की घटना आरंभ होगी और यह दोपहर बाद 3 बजकर 30 मि‍निट 09 सेकंड पर समाप्‍त होगी। चूंकि इस समय भारत में दिन आरंभ हो चुका होगा, इसलिए यहां यह घटना नहीं दिखेगी।

उन्होंने बताया कि चंद्रग्रहण की कुल अवधि 6 घंटे 3 मिनिट होगी, जिसमें पूर्ण चंद्रग्रहण 1 घंटे 5 मिनिट का होगा। इस दौरान चंद्रमा तामिया लाल दिखाई देगा। चंद्रमा और सूर्य के बीच एक रेखा में पृथ्‍वी के आ जाने से चंद्रमा पर कुछ देर के लिये सूर्य प्रकाश पूरी तरह नहीं पहुंच पाएगा, इससे चंद्रमा पर ग्रहण लगा दिखेगा।

सारिका ने बताया कि एक गणना के अनुसार विश्‍व की कुल जनसंख्‍या का लगभग 13.41 प्रतिशत आबादी पूर्ण ग्रहण को पूरी तरह देख सकेंगे, वहीं 26.85 प्रतिशत आबादी आंशिक चंद्रग्रहण को देख सकेगी। अगर आप भारत में अपने शहर में चंद्रग्रहण को देखना चाहते हैं तो इसके लिये सात सितम्‍बर को इंतजार करना होगा। इस दिन आप 1 घंटे 22 मिनिट की अवधि का पूर्ण चंद्रग्रहण देख पाएंगे।

चंद्रग्रहण की खास बातें

चंद्रग्रहण की कुल अवधि- 6 घंटे 3 मिनट

पूर्ण चंद्रग्रहण की अवधि- 1 घंटे 5 मिनट

आंशिक चंद्रग्रहण की अवधि- 2 घंटे 33 मिनट

चंद्रग्रहण आरंभ समय- 9 बजकर 27 मिनट 28 सेकंड

पूर्ण चंद्रग्रहण आरंभ समय- 11 बजकर 56 मिनट 06 सेकंड

पूर्ण चंद्रग्रहण समाप्ति समय- 01 बजकर 01 मिनट 26 सेकंड

चंद्रग्रहण समाप्ति समय- 3 बजकर 30 मि‍नट 09 सेकंड

Related Articles

Latest News