आज रात साल 2025 का दूसरा और अंतिम पूर्ण चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है, जो खगोलीय और धार्मिक दोनों दृष्टियों से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह चंद्र ग्रहण रात 9 बजकर 58 मिनट से शुरू होकर देर रात 1 बजकर 26 मिनट तक रहेगा। इस प्रकार भारत में ग्रहण की कुल अवधि करीब 3 घंटे 28 मिनट की होगी।
चंद्र ग्रहण को लेकर सूतक काल दोपहर 12 बजकर 57 मिनट से शुरू हो जाएगा। सूतक लगते ही देशभर के मंदिरों में पूजा-अर्चना पर रोक लग जाएगी और मंदिरों के कपाट बंद कर दिए जाएंगे, जो अब अगली सुबह 8 सितंबर को ही खोले जाएंगे। सूतक काल देर रात 1 बजकर 26 मिनट पर खत्म होगा।
आज पूर्ण चंद्र ग्रहण पूरे भारत में स्पष्ट रूप से दिखाई पड़ेगा। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु के साथ ही एशिया, ऑस्ट्रेलिया, पूर्वी अफ्रीका और यूरोप के कुछ हिस्सों में भी यह पूरी तरह नजर आयेगा।
पृथ्वी के सूर्य और चंद्रमा के बीच आने पर चंद्र ग्रहण होता है। इस दौरान चंद्रमा पर पृथ्वी की छाया पड़ती है। यह घटना केवल पूर्णिमा के दिन ही होती है। इसके अंतर्गत पृथ्वी, सूर्य और चंद्रमा तीनों एक रेखा में होते हैं।











