मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी ने अपने कार्मिकों के सतत् स्व-अध्ययन एवं उन्नयन नीति के अंतर्गत कौशल विकास को प्रोत्साहित करने हेतु सरदार पटेल विश्वविद्यालय बालाघाट के साथ एक महत्वपूर्ण मेमोरेण्डम ऑफ अंडरस्टेंडिंग (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
इस एमओयू के अंतर्गत सरदार पटेल विश्वविद्यालय पावर जनरेटिंग कंपनी के कार्मिकों के लिए विभिन्न प्रकार के शैक्षणिक पाठ्यक्रम संचालित करेगा। इनमें डिप्लोमा, डिग्री, पार्ट-टाइम कोर्स आदि सम्मिलित हैं।
एमओयू पर मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के मुख्य अभियंता मानव संसाधन व प्रशासन दीपक कश्यप और विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति डॉ. विप्लव पाल ने हस्ताक्षर किए। पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने एमओयू को एक दूरदर्शी और प्रगतिशील कदम बताते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक सहयोग से कंपनी के मानव संसाधनों की दक्षता व गुणवत्ता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
एमओयू के अनुसार सरदार पटेल विश्वविद्यालय द्वारा कम्पनी के अभियंताओं व कार्मिकों के लिए पार्ट-टाइम बीटेक, एमटेक, एमबीए, एमसीए, पीएचडी, फायर ऑफिसर, साइबर सिक्योरिटी जैसे तकनीकी व प्रबंधन आधारित पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
ये कोर्स कार्यरत कार्मिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन माध्यम से अथवा प्रशिक्षण केन्द्रों पर कक्षाओं के रूप में संचालित किए जाएंगे, जिससे कार्मिक अपने कार्य दायित्वों के साथ-साथ शैक्षणिक उन्नति भी प्राप्त कर सकें। सरदार पटेल विश्वविद्यालय द्वारा कंपनी के कार्मिकों को निर्धारित शुल्क में 10 प्रतिशत की छूट भी प्रदान की जाएगी।
पावर जनरेटिंग कंपनी के डायरेक्टरद्वय सुबोध निगम व मिलिंद भान्दक्कर ने कार्मिकों का आह्वान किया कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने ज्ञान व कौशल को अपडेट कर व्यक्तिगत और संस्थागत विकास में सहयोग दें।











