MPPGCL : विद्युत उत्पादन के लिए आवश्यक मानदंड में श्रेष्ठ प्रदर्शन-150 दिनों तक लगातार विद्युत उत्पादन करने के दौरान 500 मेगावाट की यूनिट ने न केवल सतत् उत्पादन का कीर्तिमान स्थापित किया, बल्कि विभिन्न परिचालन व तकनीकी मानकों पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। यूनिट ने 98.64 प्रतिशत का प्लांट अवेलेबिलिटी फैक्टर (Plant Availability Factor) बनाए रखा, जो विद्युत उत्पादन हेतु यूनिट की स्थिरता एवं उपलब्धता को दर्शाता है।
इसके अतिरिक्त यूनिट ने 98.45 प्रतिशत का प्लांट लोड फैक्टर (Plant Load Factor) दर्ज किया, जो कि उत्पादन क्षमता के अधिकतम उपयोग को इंगित करता है। यूनिट नंबर 5 ने सहायक विद्युत खपत (Auxiliary Power Consumption) को मात्र 5.52 प्रतिशत तक सीमित रखा गया, जो कि ऊर्जा दक्षता एवं संसाधनों के समुचित उपयोग का परिचायक है।
MPPGCL : यूनिट नंबर-5 की इस उपलब्धि के पीछे केवल अत्याधुनिक मशीनरी ही नहीं, बल्कि उससे जुड़े मानव संसाधन की प्रतिबद्धता और मेहनत भी अहम भूमिका निभाती है। जहां एक ओर संयंत्र की तकनीकी क्षमता ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, वहीं अभियंताओं, तकनीकी कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों की समर्पित कार्यशैली, निरंतर निगरानी और समय पर किए गए गुणवत्तापूर्ण रखरखाव ने इस सफलता को संभव बनाया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी मशीनों का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करना टीम की उच्च पेशेवर दक्षता, तालमेल और जिम्मेदारी के प्रति उनके गंभीर दृष्टिकोण को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।
MPPGCL : यूनिट नंबर-5 ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट कार्यक्षमता साबित करते हुए रिकॉर्ड प्रदर्शन की परंपरा को आगे बढ़ाया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी की कुल 13 विद्युत इकाइयों ने 100 दिनों से अधिक निरंतर बिजली उत्पादन कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की थी।
MPPGCL : इनमें संजय गांधी ताप विद्युत गृह की यूनिट नंबर-3 ने एक बार, जबकि यूनिट नंबर-4 और 5 ने दो-दो बार यह मुकाम प्राप्त किया था। अब यूनिट नंबर-5 ने अपने शानदार प्रदर्शन की इस श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 की शुरुआत ही 150 दिनों के निर्बाध विद्युत उत्पादन के साथ की है, जो इसकी निरंतर बेहतर होती संचालन क्षमता और विश्वसनीयता को दर्शाता है।
MPPGCL : समन्वित प्रयासों और सक्रिय कार्यशैली के दम पर इस उल्लेखनीय लक्ष्य को हासिल किया गया है। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने संजय गांधी ताप विद्युत गृह, बिरसिंगपुर की यूनिट नंबर-5 की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे टीमवर्क और कुशल प्रबंधन का परिणाम बताया। उन्होंने ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस से जुड़े सभी अधिकारियों, अभियंताओं और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी निरंतर मेहनत, सजगता और जिम्मेदारीपूर्ण दृष्टिकोण का प्रतिफल है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि इसी तरह के समर्पित प्रयास भविष्य में भी कंपनी को नए कीर्तिमान स्थापित करने की दिशा में प्रेरित करते रहेंगे।
MPPGCL : उन्होंने कहा कि यूनिट की यह उपलब्धि टीम के समन्वित प्रयास, सक्रिय दृष्टिकोण तथा चुनौतियों के प्रति त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया का परिणाम है। डायरेक्टर टेकिकल सुबोध निगम ने भी समस्त ग्राउंड स्टाफ व संबंधित अभियंताओं को बधाई देते हुए कहा कि संजय गांधी ताप विद्युत गृह की टीम ने जटिल परिचालन प्रक्रियाओं का सफलतापूर्वक प्रबंधन कर अपनी उच्च स्तरीय तकनीकी क्षमता एवं पेशेवर उत्कृष्टता का परिचय दिया है।












