Thursday, April 30, 2026
Homeजन-मनअंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बिजली कंपनी की मातृशक्तियों का हुआ सम्मान

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बिजली कंपनी की मातृशक्तियों का हुआ सम्मान

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर तरंग ऑडोटोरियम रामपुर में मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी की मातृशक्तियों का सम्मान कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें मुख्यालय जबलपुर स्थित सभी नियमित, संविदा एवं आउटसोर्स महिला कार्मिकों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने की। मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक अनय द्विवेदी एवं विशिष्ट अतिथि मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मंजीत सिंह, जबलपुर के मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा एवं प्रसिद्ध महिला चिकित्सक डॉ. सारिका दुबे थी। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की सीजीएम श्रीमति नीता राठौर मध्यप्रदेश विद्युत मंडल परिवार की महिला कार्मिकों की प्रतिनिधि के रूप में मंच पर उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के अध्यक्ष मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सिर्फ महिलाओं के प्रति आदर व्यक्त करने का दिन नही है बल्कि यह उन तमाम मातृशक्तियों की उपलब्धियों का सम्मान करने का अवसर है जिनके कारण समाज में महिलाओं ने बदलाव लाया है।

उन्होंने इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि डॉ. संजय मिश्रा का साधुवाद किया, जिन्होंने ट्रांसको महिला कार्मिकों के लिये फ्री हेल्थ चेकअप शिविर आयोजित करवाया एवं डॉ. सारिका दुबे को धन्यवाद दिया, जिन्होंने महिलाओं के लिये बेहद उपयोगी विषय पर सारगर्भित व्याख्यान प्रस्तुत किया।

उन्होंने एमपी ट्रांसकों की समस्त महिला कार्मिकों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुये कहा कि मानव जीवन की प्रगति और विकास में मातृशक्ति के योगदान को मान्यता देने का यह एक अच्छा अवसर होता है, मातृशक्ति राष्ट्र, समाज और परिवार की धुरी होती है। 

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक अनय द्विवेदी ने कहा कि देश एवं समाज के सर्वांगीण विकास के लिये महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी और उनका प्रोत्साहन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त होने के लिये नौकरी या व्यवसाय करना चाहिये।

मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मंजीत सिंह ने कहा कि मातृशक्ति के कारण हम सबका अस्तित्व है। आज पावर सेक्टर में भी महिलाओं का बोलबाला है और जनरेशन जैसी कंपनी में भी मातृशक्ति पावर हाउस जैसी कठिन जगह पर अपना सम्पूर्ण दे रही है।

मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की सीजीएम श्रीमति नीता राठौर ने अपने उदबोधन मे कहा कि भारत में महिला प्रारंभ से ही शक्ति के रूप में पूजी जाती रहीं है इसलिये वह पहले भी सशक्त थी और अभी भी पुरूषों के साथ कंधा से कंधा मिलाकर हर क्षेत्र में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विद्युत परिवार महिला कार्मिकों के लिये सुरक्षित एवं साफ-सुथरा कार्यस्थल है। 

जबलपुर के मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा ने कहा कि हालांकि स्वास्थ्य विभाग में महिलाओं की ज्यादा भागीदारी रहती है लेकिन उन्होंने पहली बार विद्युत क्षेत्र में महिलाओं को इस तरह के चुनौती भरे कार्य निष्पादित करते हुये जाना। 

इस अवसर पर मुख्य अभियंता देवाशीष चक्रवर्ती के संयोजन में नारी के प्रति बदलते सकारात्मक रवैये को परिलक्षित करती एमपी ट्रांसको के कार्मिकों द्वारा एक लघु नाटिका का मंचन भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन अधीक्षण अभियंता राजेश दीक्षित ने किया! 

Related Articles

Latest News