Homeजन-मनजैविक हाट में बढ़ रही खरीदारों कीसंख्या

जैविक हाट में बढ़ रही खरीदारों कीसंख्या

जबलपुर । जिला प्रशासन जबलपुर एवं कृषि विभाग के संयुक्त प्रयासों से कृषि उपज मंडी जबलपुर में प्रत्येक रविवार को आयोजित किए जा रहे जैविक हाट में लगातार खरीदारों की संख्या में वृद्धि हो रही है।

जैविक खेती को प्रोत्साहित करने तथा किसानों और उपभोक्ताओं के मध्य प्रत्यक्ष संपर्क स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित इस हाट को नागरिकों का भरपूर समर्थन मिल रहा है।

इस रविवार को आयोजित जैविक हाट में जिले के विभिन्न विकासखण्डों से आये लगभग 23 जैविक कृषकों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया।

हाट में फल, सब्जियां, अनाज, दलहन, देशी घी, दुग्ध उत्पाद, शहद सहित विभिन्न रसायन मुक्त एवं प्राकृतिक उत्पाद उपलब्ध रहे, जिन्हें उपभोक्ताओं द्वारा विशेष रूप से सराहा गया।

जैविक हाट में “ड्रोन दीदी” सपना काछी द्वारा देशी उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। गोकलपुर बरगी के देशी घी, छाछ एवं देशी हल्दी, श्री रघुवीर कृपा उद्योग के मूंगफली एवं ड्राई फ्रूट फ्लेवर गुड़, अर्चना गोविंद प्राकृतिक कृषि फार्म के जैविक खाद्य सामग्री, गोबर के उपले, अनाज एवं दलहन तथा गोदावरी जैविक कृषि फार्म बरेला के कमरख, अमरूद, सुजाता गेहूं का आटा, कुटकी एवं जैविक मसाले प्रदर्शित किए गए।

इसी प्रकार के पी सिंह के रेड डायमंड प्रजाति के अमरूद एवं स्ट्रॉबेरी, भाग्योदय ऑयल मिल के तिल, सरसों, मूंगफली एवं नारियल का कोल्ड प्रेस्ड ऑयल तथा विश्वकर्मा नर्मदा प्रसाद जैविक मार्ट के लौकी, धनिया, मटर एवं शहद सहित विभिन्न जैविक उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे।

मझौली विकासखंड के किसानों द्वारा लाई गई ताजी जैविक सब्जियों को भी उपभोक्ताओं ने काफी पसंद किया। इससे किसानों का रुझान जैविक खेती की ओर बढ़ रहा है तथा उन्हें अपने उत्पादों के लिए सीधा बाजार एवं उचित मूल्य प्राप्त हो रहा है।

उप संचालक कृषि डॉ एस के निगम ने जैविक हाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं किसानों को जैविक उत्पादन और विपणन को बढ़ावा देने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

अनुविभागीय कृषि अधिकारी सिहोरा श्रीमती मनीषा पटेल के नेतृत्व में विकासखण्ड मझौली के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी आर.एल. मिश्रा एवं कृषि अधिकारियों, ऋचा सिंह, रूपाली पटेल, जया पालीवाल एवं रिचा तिवारी द्वारा जैविक हाट के सफल संचालन की जिम्मेदारी का प्रभावी निर्वहन किया गया।

Related Articles

Latest News