सीएम चौहान ने दिलाया भरोसा: कर्मचारियों को नहीं होने दी जाएंगी वित्तीय कठिनाइयां

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि राज्य सरकार ने कर्मचारी हितैषी निर्णय लिए हैं। कर्मचारियों को वित्तीय कठिनाइयां नहीं होने दी जाएंगी। राज्य सरकार ने महंगाई भत्ता धीरे-धीरे बढ़ाकर केंद्र के समान 42 प्रतिशत कर दिया है। यह महंगाई भत्ता जनवरी से तीन किश्त में दिया जाएगा। सीएम चौहान, मुख्यमंत्री निवास पर केंद्र के समान महंगाई भत्ता देने के लिए आभार व्यक्त करने आए कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर राज्य कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष रमेश शर्मा, विभिन्न कर्मचारी संगठनों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।

सीएम चौहान ने कहा कि कर्मचारी मेरे लिए कर्मयोगी हैं। प्रदेश के विकास में कर्मचारियों का सहयोग आवश्यक है। मध्यप्रदेश के कर्मचारी देश में सर्वश्रेष्ठ कर्मचारियों की श्रेणी में आते हैं। प्रदेश की विकास यात्रा छोटी नहीं है। प्रदेश ने धीरे-धीरे हर क्षेत्र में विकास में नई ऊँचाइयों को छू लिया है। जनता का दुख-दर्द दूर करने के लिए राज्य सरकार द्वारा कई जन-कल्याणकारी योजनाएँ बनाई गई हैं।

सीएम चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश, देश के अन्य राज्यों की तुलना में विकास पथ पर तेज गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की जीएसडीपी 71 हजार करोड़ से बढ़कर 15 लाख करोड़ हो गई है। प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय 11 हजार रूपए से बढ़कर एक लाख 40 हजार रूपए हो गई है। प्रदेश का बजट 21 हजार करोड़ से बढ़कर 3 लाख 14 हजार करोड़ हो गया है। कृषि के क्षेत्र में डेढ़ दशक से प्रदेश की विकास दर लगातार देश में अग्रणी बनी हुई है। प्रदेश की कृषि विकास दर 18 प्रतिशत से अधिक हो गई है।