Sunday, April 28, 2024
Homeएमपीजबलपुरजबलपुरः सितंबर-अक्टूबर माह में बनकर तैयार हो जाएगा प्रदेश का सबसे लंबा...

जबलपुरः सितंबर-अक्टूबर माह में बनकर तैयार हो जाएगा प्रदेश का सबसे लंबा फ्लाईओवर

जबलपुर (हि.स.)। जबलपुर में बन रहे प्रदेश के सबसे लंबे फ्लाई ओव्हर का निर्माण कार्य इसी वर्ष सितंबर-अक्टूबर माह में पूरा कर लिया जाएगा और इसे आम लोगों के आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। यह जानकारी रविवार की शाम प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने करीब सात किलो मीटर लम्बे इस फ्लाई ओव्हर के मदन महल रेल्वे स्टेशन पर बन रहे केबल स्टे ब्रिज के निरीक्षण के दौरान दी। इस दौरान महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, कलेक्टर दीपक सक्सेना, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एस सी वर्मा एवं अधीक्षण यंत्री गोपाल गुप्ता भी मौजूद थे।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि फ्लाई ओव्हर के मदन महल रेल्वे स्टेशन के ऊपर बन रहा केवल स्टे ब्रिज रेल्वे लाइन के ऊपर देश का सबसे लम्बा केवल स्टे ब्रिज होगा। करीब 193 मीटर लम्बे इस केवल स्टे ब्रिज के बीच कोई भी पिलर नहीं है। उन्होंने बताया कि अपने आप में कई अनूठी खूबियों को समेटे इस फ्लाई ओव्हर के नीचे मदन महल रेल्वे स्टेशन के एक छोर पर फ्लाई ओव्हर के नीचे बास्केट बॉल कोर्ट बनाया जायेगा। जबकि दूसरे छोर पर पार्क और बच्चों के खेलने को खिलौने आदि रखे जाएंगे।

मंत्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान केवल स्टे ब्रिज के निर्माण के तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि करीब 385.5 मीटर लम्बे इसी केवल स्टे ब्रिज का 264 मीटर हिस्से का निर्माण पूरा कर लिया गया है। शेष 121.5 मीटर पर निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने इस मौके पर केवल स्टे ब्रिज की इंस्पेक्शन गैलरी का भी भ्रमण किया। श्री सिंह ने केवल स्टे ब्रिज के निर्माण के दौरान सभी सावधानियां बरतने के निर्देश दिये।

लोक निर्माण मंत्री ने लगभग 960 करोड़ रुपये के इस फ्लाई ओव्हर को महानगर का स्वरूप ले रहे जबलपुर शहर के लिये सबसे बड़ी सौगात बताया। उन्होंने कहा कि फ्लाई ओव्हर बन जाने पर दमोह नाका चौक से रानीताल और मदन महल होते हुये मेडिकल एवं महानद्दा की ओर आवागमन सुगम होगा तथा लोगों को ट्रेफिक जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी।

बता दें कि जबलपुर का सांसद रहते लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के सक्रिय प्रयासों के फलस्वरूप ही केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गड़करी द्वारा इस फ्लाई ओव्हर के निर्माण की स्वीकृति दी गई थी। फ्लाई ओव्हर के महानद्दा से एलआईसी वाले हिस्से पर करीब छ: माह पहले आवागमन प्रारंभ हो चुका है।

टॉप न्यूज