Thursday, May 9, 2024
Homeएमपीभोपालअयोध्या धाम पहुंचकर धन्य हुआ जीवन, जन्मों के पुण्य का प्रसाद है...

अयोध्या धाम पहुंचकर धन्य हुआ जीवन, जन्मों के पुण्य का प्रसाद है रामलला के दर्शन: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अयोध्या धाम पहुंचकर भगवान श्रीराम के दर्शन से जीवन धन्य हो गया। कई जन्मों के पुण्य का प्रसाद है यह दर्शन। भगवान राम के गर्भगृह और अन्य स्थानों के दर्शन का सौभाग्य मिला।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को मध्यप्रदेश मंत्रि-परिषद के सदस्यों के साथ विशेष विमान द्वारा भोपाल से अयोध्या पहुंचने के पश्चात मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत कर रहे थे।

अयोध्या में राम मंदिर परिसर में पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मध्यप्रदेश मंत्रिपरिषद के सदस्य रामभक्ति में लीन हो गए। श्रीराम जय राम जय-जय राम के उद्घोष के साथ मंत्रीगण ने भक्तिभाव के साथ खड़े होकर आराधना की। मंदिर के गर्भ-गृह में पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव, मंत्रीगण और साथ गए परिजन ने श्रीराम दरबार के समक्ष दंडवत प्रणाम किया। उन्होंने सम्पूर्ण मंदिर परिसर का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर प्रभु श्रीराम से प्रदेश और देश के नागरिकों की खुशहाली की प्रार्थना की गई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को उत्तरप्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही और ट्रस्टी श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तीर्थ क्षेत्र डॉ. अनिल मिश्रा सहित मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने श्रीराम मंदिर की प्रतिकृति भेंटकर सम्मानित किया। उत्तरप्रदेश के विभिन्न मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत अभिनंदन किया।

संबंधित समाचार