जबलपुर नगर निगम में 4 मार्च को नहीं होगा कोई कार्य, कर्मचारियों ने किया कामबंद हड़ताल का ऐलान

मप्र तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि नगर निगम जबलपुर के कर्मचारियों की वर्षों से लंबित समस्याओं को लेकर मप्र तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ शुक्रवार 4 मार्च 2022 को कामबन्द हडताल करने जा रहा है। उक्त आन्दोलन का पूर्व में ही नोटिस दिया जा चुका है, किन्तु मौन साधे निगम प्रशासन द्वारा कर्मचारियों की लंबित समस्या का निराकरण नहीं किया गया है। 

संघ का कहना है कि विनियमित कर्मचारियों का नियमितिकरण किया जाए,  क्रमोन्नति और समयमान वेतनमान दिया जाए, संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जाए, कार्यालय का समय निर्धारित किया जाये, अवकाश के दिन को कर्मचारी को कार्य पर न बुलाया जाए तथा सीधी भर्ती के स्थान पर विभागीय पदोन्नति समिति के द्वारा पदोन्नतियों से पदों की पूर्ति की जाये।

संघ के योगेन्द्र दुबे, राम दुबे, मुन्ना यादव, अटल उपाध्याय, संजय यादव, मुकेश सिंह, मंसूर बेग, आलोक अग्निहोत्री, दुर्गेश पाण्डे, ब्रजेश मिश्रा, विनोद पोद्दार, नितिन अग्रवाल, मनोज सेन, धीरेन्द्र सोनी, मो. तारिक, कृष्ण कुमार प्रजापति, संतोष तिवारी, प्रियांशु शुक्ला, मनीष लोहिया, मनीष शुक्ला, विनय नामदेव, पवन ताम्रकार आदि ने हड़ताल को सफल बनाने की अपील की है।