एमपी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पदोन्नति के लिए शिवराज सरकार ने गठित की मंत्रियों की कमेटी

मध्य प्रदेश के सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदोन्नति कई वर्षों से अटकी हुई है। लेकिन अब इसका रास्ता साफ होता नज़र आ रहा है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पदोन्नति के संबंध में प्रदेश सरकार ने एक कमेटी का गठन किया है।

मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह सरकार ने शासकीय सेवकों को उनके सेवाकाल में पात्रतानुसार पदोन्नति के अवसर उपलब्ध कराने के संबंध में भविष्य की रणनीति के निर्धारण के लिये मंत्री समूह का गठन किया है।

सरकार द्वारा गठित मंत्रियों की कमेटी में गृह, जेल, संसदीय कार्य, विधि एवं विधायी मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा, जल संसाधन, मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास मंत्री तुलसीराम सिलावट, वन मंत्री विजय शाह, सहकारिता एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री अरविंद भदौरिया और राज्य मंत्री सामान्य प्रशासन, स्कूल शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) इंदर सिंह परमार रहेंगे। वहीं अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन मंत्री समूह के समन्वयक होंगे।