बुधनी से चुनाव लड़ेंगे शिवराज सिंह चौहान, टिकट मिलने पर कहा- इस बार की दिवाली कमल वाली

देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश में उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी कर दी है। बुधनी विधानसभा क्षेत्र से शिवराज सिंह चौहान मैदान में होंगे।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि चुनाव की तारीख की घोषणा हो चुकी है। मध्यप्रदेश की जनता का प्यार भाजपा को लगातार मिलता रहा है, एक बार फिर विकास की रफ्तार को बनाए रखना है। डबल इंजन की सरकार पर मध्यप्रदेश को भरोसा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश का मतदाता जागरूक है और जानता है कि मध्यप्रदेश को विकास की राह पर कमल का साथ ही ले जा सकता है, तो इस बार की दिवाली कमल वाली। लोकतंत्र के महापर्व में जनता भी बढ़-चढ़कर भाग ले रही है, क्योंकि चुनाव के माध्यम से ही वह अपनी अगली सरकार चुनेगी, जो मध्यप्रदेश का भविष्य बनाएगी। मध्यप्रदेश एक शालीन प्रदेश है।

उन्होंने कहा कि हमारे पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में एक अद्भुत नेतृत्व है। मोदी जी मध्यप्रदेश की जनता के दिल में हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं अमित शाह का मार्गदर्शन हमें मिल रहा है। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और हम सभी कार्यकर्ता परिश्रम की पराकाष्ठा करेंगे, प्रयत्नों की परिसीमा करेंगे और मुझे पूरा विश्वास है कि अब तक की सबसे बड़ी विजय भारतीय जनता पार्टी प्राप्त करेगी।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में चुनावी बिगुल बजने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी ने प्रत्याशियों की चौथी सूची जारी कर दी है, मैं सभी को बधाई देता हूं। चुनाव निकट हैं, ऐसे में अब हमें पूरी ऊर्जा के साथ मैदान में उतरना है।